1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टॉप फार्म में रहते हुए साउथ अफ्रीकी टीम मेंं वापसी करना चाहता हूं: एबी डिविलियर्स

टॉप फार्म में रहते हुए साउथ अफ्रीकी टीम मेंं वापसी करना चाहता हूं: एबी डिविलियर्स

 Edited By: India TV Sports Desk
 Published : Apr 30, 2020 12:33 pm IST,  Updated : Apr 30, 2020 12:33 pm IST

साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर एबी डिविलियर्स इस साल इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की योजना बना रहे थे लेकिन कोरोना महामारी ने इस पर पानी फेर दिया है।

टॉप फार्म में रहते हुए...- India TV Hindi
टॉप फार्म में रहते हुए साउथ अफ्रीकी टीम मेंं वापसी करना चाहता हूं: एबी डिविलियर्स Image Source : GETTY IMAGES

कोरोना वायरस के कारण पूरी दुनिया में खेलों के आयोजन पर रोक लगी है जिसके कारण कई बड़े खिलाड़ियों की वापसी पर खतरा मंडरा रहा रहा है। साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर एबी डिविलियर्स इस साल इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की योजना बना रहे थे लेकिन कोरोना महामारी ने इस पर पानी फेर दिया है। इसी को लेकर एबी डिविलियर्स का बयान आया है।

डिविलियर्स ने कहा है कि टी-20 विश्व कप के लिए वह राष्ट्रीय टीम में वापसी करने के इच्छुक हैं लेकिन इसके लिए वह अच्छी फॉर्म में रहना चाहते हैं। साथ ही वह अन्य खिलाड़ी से बेहतर होना चाहते हैं। हालांकि कोरोना वायरस के कारण इस साल अक्टूबर-नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।

डिविलियर्स ने क्रिकेट कनेक्टेड कार्यक्रम में कहा, "हां, यही मेरी भी मेरी चिंता का विषय है कि अगले 12 महीनों के लिए यह स्पष्ट नहीं है क्योंकि वायरस बढ़ ही रहा है और दुनियाभर के क्रिकेट कार्यक्रम में क्या होने वाला है कुछ पता नहीं है।" उन्होंने कहा, " यह मेरी सबसे बड़ी चिंता है और यही कारण है कि इस समय मैं किसी भी तरह की क्रिकेट के बारे में नहीं सोच रहा हूं। मैं अपना ध्यान केंद्रित रखना चाहता हूं। लेकिन अगले 12 महीने के दौरान क्रिकेट कार्यक्रम को लेकर बहुत सारी अनिश्चितताएं है। अब हमें देखना होगा कि आगे क्या होने वाला है।"

साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर एबी डिविलियर्स ने साल 2018 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था, लेकिन इसके बाद उन्होंने सीमित ओवरों के क्रिकेट में फिर से खेलने की इच्छा जताई थी। डिविलियर्स ने हाल ही में कहा था कि क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) ने उन्हें फिर से राष्ट्रीय टीम की कमान संभालने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन वह टीम में तभी वापसी करना चाहते हैं जब वह अपनी शीर्ष फार्म में होंगे।

पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज ने कहा था, "मेरी इच्छा है कि मैं दक्षिण अफ्रीका के लिए फिर से खेलूं और क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका मुझे फिर से टीम की अगुआई करने के बारे में पूछ चुका है। मेरे लिए सबसे अहम चीज यह है कि मुझे अपने शीर्ष फार्म में होना होगा और साथ ही मेरे साथ में जो खिलाड़ी है, मुझे उससे बेहतर होना होगा।"

उन्होंने कहा, " अगर मुझे लगता है कि मैं टीम में जगह बनाने का हकदार हूं तो यह मेरे लिए आसान होगा क्योंकि इससे मैं महसूस करूंगा कि मुझे अंतिम एकादश का हिस्सा होना चाहिए।" 36 वर्षीय डिविलियर्स ने हालांकि स्वीकार किया कि वह टी 20 विश्व कप में अपनी भागीदारी को लेकर अनिश्चित हैं और इस टूर्नामेंट को अगले साल के लिए टाल दिया जाना चाहिए।

(IANS इनपुट के साथ)

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल