1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बीसीसीआई की हिदायत को मोहम्मद शमी ने किया नजरअंदाज, मना करने के बावजूद फेंके 26 ओवर!

बीसीसीआई की हिदायत को मोहम्मद शमी ने किया नजरअंदाज, मना करने के बावजूद फेंके 26 ओवर!

 Reported By: Bhasha
 Published : Nov 21, 2018 09:50 pm IST,  Updated : Nov 22, 2018 03:14 pm IST

शमी ने मैच के दूसरे दिन बुधवार को 26 ओवर में 100 रन देकर तीन विकेट लेने के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘जब आप अपने राज्य के लिए खेलते हैं तो आपको जिम्मेदारी निभानी होती है।’’

बीसीसीआई की हिदायत को मोहम्मद शमी ने किया नजरअंदाज- India TV Hindi
बीसीसीआई की हिदायत को मोहम्मद शमी ने किया नजरअंदाज Image Source : PTI

कोलकाता। ऑस्ट्रेलिया के आगामी दौरे को देखते हुए बीसीसीआई ने मोहम्मद शमी को रणजी मैच की पारी में 15 से 17 ओवर से अधिक गेंदबाजी नहीं करने की हिदायत दी थी लेकिन बंगाल के इस तेज गेंदबाज ने 26 ओवर गेंदबाजी करने के बाद कहा कि यह उनका ‘खुद का फैसला’ था। शमी ने मैच के दूसरे दिन बुधवार को 26 ओवर में 100 रन देकर तीन विकेट लेने के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘जब आप अपने राज्य के लिए खेलते हैं तो आपको जिम्मेदारी निभानी होती है।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘मैं अच्छा महसूस कर रहा था और कोई परेशानी नहीं थी। विकेट से मदद मिल रही थी इसलिए मैं जितनी गेंदबाजी कर सकता था उतना किया। यह मेरा खुद का फैसला था।’’ शमी की तुलना में बंगाल के नियमित स्ट्राइक गेंदबाज अशोक डिंडा ने 19 और युवा इशान पोरेल तथा मुकेश कुमार ने क्रमश: 18 और 14 ओवर गेंदबाजी की। शमी में कहा कि अभ्यास की जगह मैच में गेंदबाजी करना अच्छा होता है। 

उन्होंने कहा, ‘‘कहीं और अभ्यास करने से अच्छा होता है कि आप अपनी टीम और राज्य के लिए गेंदबाजी करें। आप यहां जितनी गेंदबाजी करेंगे ऑस्ट्रेलिया में उतनी मदद मिलेगी। यह अच्छी तैयारी है। मेरे लिए मैच में गेंदबाजी करना तैयारी करने का सबसे अच्छा तरीका है। मैं कभी भी ऐसा ही चाहूंगा।’’ शमी ने इस साल नौ टेस्ट में भारत के लिए सबसे ज्यादा 33 विकेट लिये है जिसमें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पारी में पांच विकेट भी शामिल हैं। 

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चार मैचों की बार्डर-गावस्कर श्रृंखला में भारत को पहला टेस्ट छह दिसंबर से एडिलेड में खेलना है। शमी ने कहा, ‘‘ मैंने अच्छी तैयारी की है, अच्छी ट्रेनिंग की है। वहां मुझे अभ्यास मैच में खेलना है। मैं टेस्ट के लिए तैयार रहूंगा।’’ बंगाल के कोच साइराज बहुतुले ने भी शमी का समर्थन किया। उन्होंने कहा, ‘‘ वह गेंदबाजी करना चाहता था इसलिए उसने गेंदबाजी जारी रखी। किसी ने उस पर दवाब नहीं डाला।’’ 

शमी की गेंदबाजी के बाद भी केरल ने बंगाल के खिलाफ पहली पारी में 144 रन की बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में बंगाल की टीम अभी 139 रन से पीछे है और उसके नौ विकेट शेष हैं।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल