1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मेलबर्न वनडे: पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हराया

मेलबर्न वनडे: पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हराया

 Written By: IANS
 Published : Jan 15, 2017 06:47 pm IST,  Updated : Jan 15, 2017 06:47 pm IST

कप्तान मोहम्मद हफीज (70) की अर्धशतकीय पारी और शोएब मलिक (42 नॉटआउट) के संयम भरे प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने रविवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए दूसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से मात दे दी।

Mohammad Hafeez | AP Photo- India TV Hindi
Mohammad Hafeez | AP Photo

मेलबर्न: कप्तान मोहम्मद हफीज (70) की अर्धशतकीय पारी और शोएब मलिक (42 नॉटआउट) के संयम भरे प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने रविवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए दूसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से मात देकर पहले मैच में मिली हार का बदला पूरा किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम ने सभी विकेट गंवाकर 220 रन बनाए थे। मेजबान टीम के इस लक्ष्य को पाकिस्तान ने 4 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।

खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पाकिस्तान ने अच्छी शुरुआत की। हफीज और शर्जील खान (29) के बीच 68 रनों की साझेदारी हुई। जेम्स फॉकनर ने जोस हाजलेवुड के हाथों शर्जील को कैच आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। शर्जील के बाद बाबर आजम (34) ने हफीज के साथ पारी को आगे बढ़ाया और दूसरे विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी की, लेकिन मिशेल स्टार्क ने आजम के रूप में टीम का दूसरा विकेट गिराकर इस साझेदारी को तोड़ दिया। आजम जब आउट हुए तब टीम का स्कोर 140 था। टीम अपने खाते में 2 ही रन और जोड़ पाई थी कि फॉकनर ने हफीज को आउट कर पाकिस्तान की टीम को एक बड़ा झटका दिया।

Shoaib Malik | AP Photo
Shoaib Malik | AP Photo

शोएब मलिक। (AP फोटो)

इसके बाद शोएब मलिक ने पारी को संभाला और असद शफीक (13) के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 53 रनों की साझेदारी कर पाकिस्तान का स्कोर 195 तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर स्टॉर्क ने शफीक को आउट कर पवेलियन भेजा। जीत से 25 रन दूर पाकिस्तान की टीम के लिए मलिक ने उमर अकमल (18) के साथ 26 रनों की साझेदारी की और ऑस्ट्रेलिया के 221 रनों के लक्ष्य को हासिल किया। ऑस्ट्रेलिया के लिए मिशेल और हाजलेवुड ने 2-2 विकेट चटकाए।

इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान स्टीवन स्मिथ ने सबसे अधिक 60 रन बनाए। इसके अलावा, मैथ्यू वेड ने 35, ट्रेविस हेड ने 29 ग्लेन मैक्वेल ने 23 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद आमिर ने सबसे अधिक 3 विकेट चटकाए जबकि जुनैद खान और इमाद वसीम ने 2-2 विकेट हासिल किए। हसन अली और शोएब मलिक को एक-एक सफलता हासिल हुई। ऑस्ट्रेलिया ने ब्रिस्बेन क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए पहले वनडे मैच में पाकिस्तान को 92 रनों से हराया था, लेकिन दूसरे मैच को अपने नाम कर पाकिस्तान ने 5 वनडे मैचों की सीरीज का स्कोर 1-1 से बराबर कर लिया है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल