दुबई। अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे पाकिस्तान के ऑफ स्पिनर बिलाल आसिफ ने 5 विकेट लेकर आस्ट्रेलिया को पहले टेस्ट क्रिकेट टेस्ट मैच के तीसरे दिन बुधवार को यहां गहरे संकट में डाल दिया। इस 33 वर्षीय स्पिनर ने 22 गेंदों के अंदर चार विकेट लिये जिसके कारण 142 रन की ठोस शुरुआत के बावजूद आस्ट्रेलिया चाय तक पांच विकेट पर 180 रन बनाकर फालोआन बचाने के लिये संघर्ष करता दिखा।
तीसरे दिन का दूसरा सत्र आसिफ के नाम रहा। उन्होंने ख्वाजा, शान मार्श (7), ट्रेविस हेड (0) और मार्नस लाबसचागने (शून्य) को 29 रन के अंदर पवेलियन भेज दिया। आसिफ ने अब तक 21 ओवर में 36 रन देकर 5 विकेट लिए। बिलाल को इससे पहले शायद ही कोई ठीक से जानता हो लेकिन अब ऑस्ट्रेलियाई टीम शायद ही उन्हें कभी भूल पाए।
बिलाल असिफ अल्लो महार शरीफ नामक एक छोटे से गांव से आते हैं जो पाकिस्तान के दास्का शहर के बाहरी इलाके में स्थित है। इनका गांव सियालकोट से बहुत दूर नहीं है यहां से आप केवल 45 मिनट की ड्राइव के बाद बिलाल के गांव पहुंच सकते हैं। आसिफ के चाचा जहिद सईद भी बाएं हाथ के सीमर रहे हैं।
सईद 2004 में भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए एक प्रशिक्षण शिविर में 22 सदस्यीय टीम में शामिल थे लेकिन वे फाइनल टीम में जगह नहीं बना पाए थे। कुल मिलाकर, उन्होंने 75 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं। जिनमें 24.54 के औसत से 292 विकेट झटके हैं। काफी सालों का इंतजार करने के बाद जब आसिफ ने पाकिस्तान के लिए 33 साल की उम्र में डेब्यू किया तो इतिहास रच दिया। वे दुनिया के सबसे ज्यादा उम्र के गेंदबाज बन गए हैं जिन्होंने अपने डेब्यू टेस्ट मैच में 5 विकेट झटके हों।
आर्ट्स में स्नातक करने वाले आसिफ के लिए क्रिकेट हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। सियालकोट में कई खिलाड़ियों को ट्रेनिंग देने वाले पाकिस्तान के पूर्व बाएं हाथ के स्पिनर आमिर वसीम और पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शोएब मलिक का आसिफ के करियर पर सबसे अधिक प्रभाव पड़ा है।
आसिफ ने 2008 तक टोनी क्रिकेट क्लब में वासीम की कप्तानी के तहत खेला। इसके बाद वह कुवैत अपने पिता की मदद करने के लिए चले गए जो एक इलेक्ट्रीशियन थे। इसके बाद आसिफ अपना क्रिकेट करियर शुरू करने के लिए 2010 में पाकिस्तान लौट आए। असिफ ने 26 साल की उम्र में 2011 में सियालकोट के लिए अपना प्रथम श्रेणी मैच खेला था, लेकिन उन्हें अपने पहले दो सत्रों में केवल पांच मैचों में ही खेलने का मौका मिला था। इसके बाद उन्होंने 2014-15 में अपने पहले शतक सहित छह मैचों में 310 रन बनाए। आसिफ ने हरारे में दो वनडे मैच और अबू धाबी में एक टी20 मैच खेला था। मई 2015 में सुपर 9 टी -20 कप के दौरान आसिफ ने 48 गेंदों का तूफानी शतक जड़ा था।
आसिफ की ताकत है गेंद को तेजी से टर्न कराना और अतिरिक्त उछाल हासिल करना। मुश्ताक अहमद के मुताबिक, वह अपनी मजबूत कलाई के कारण दूसर भी आसानी से करा सकता है। बिलाल के बारे में कहा जाता है कि वह एक सिंगर भी हैं जिनके गाने उनके साथी क्रिकेटर्स के अलावा घरेलू सर्किट में भी खासे लोकप्रिय हैं।
संपादक की पसंद