1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रांची टेस्ट, तीसरा दिन: पुजारा का शतक, भारत अभी भी 91 रन पीछे

रांची टेस्ट, तीसरा दिन: पुजारा का शतक, भारत अभी भी 91 रन पीछे

 Written By: IANS
 Published : Mar 18, 2017 06:10 pm IST,  Updated : Mar 18, 2017 06:10 pm IST

चेतेश्वर पुजारा (130 नॉटआउट) ने अपनी जुझारू पारी के दम पर झारखंड राज्य क्रिकेट संघ स्टेडियम में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन शनिवार का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत को मैच में बनाए रखा है।

Cheteshwar Pujara | AP Photo- India TV Hindi
Cheteshwar Pujara | AP Photo

रांची: चेतेश्वर पुजारा (130 नॉटआउट) ने अपनी जुझारू पारी के दम पर झारखंड राज्य क्रिकेट संघ स्टेडियम में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन शनिवार का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत को मैच में बनाए रखा है। ऑस्ट्रेलिया के 451 रनों के विशाल स्कोर के सामने भारत ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में 6 विकेट खोकर 360 रन बना लिए हैं। भारत, ऑस्ट्रेलिया से अभी भी 91 रन पीछे है। स्टम्प्स होने पर पुजारा के साथ रिद्धिमान साहा 18 रन पर नाबाद लौटे। पुजारा के अलावा लोकेश राहुल (67) और मुरली विजय (82) ने भी अर्धशतकीय पारियां खेलीं।

खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

भारत के लिए अच्छी रही दिन की शुरुआत

भारत ने दिन की शुरुआत तो अच्छी की और पहले सत्र में विजय के रूप में एक मात्र विकेट खोकर अपने खाते में 73 रन जोड़े। लंच से पहले की आखिरी गेंद पर विजय आउट हुए। इसके बाद कमिंस ने दूसरे सत्र में भारतीय कप्तान विराट कोहली (6) और अजिंक्य रहाणे (14) के बाद तीसरे सत्र में रविचंद्रन अश्विन (3) और जोश हेजलवुड ने तीसरे सत्र में ही करुण नायर (23) को आउट कर भारत को परेशानी में डाल दिया।

ऑस्ट्रेलियाई आक्रमण को आसानी से झेल गए पुजारा
लेकिन एक छोर संभाले खड़े पुजारा पर न कमिंस, हाजलेवुड की तेज गेंदों का असर हुआ न ही नाथन लॉयन और स्टीव ओ कीफ की फिरकी का। वह दिन का खेल खत्म होने तक मेहमानों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनकर खड़े रहे। तीसरे सत्र में 2 विकेट गिर जाने के बाद भारत मुश्किल में था तथा एक और विकेट उसे गहरे संकट में डाल सकता था लेकिन साहा ने पुजारा का साथ दिया और भारत को बैकफुट पर जाने से रोका। दोनों के बीच अभी तक 32 रनों की साझेदारी हो चुकी है। तीसरे सत्र में भारतीय बल्लेबाजों ने बिना किसी जोखिम के बल्लेबाजी की और महज 57 रन जोड़े।

Wriddhiman Saha | AP Photo
Wriddhiman Saha | AP Photo

रिद्धिमान साहा। (AP फोटो)

विराट कोहली आज कुछ खास नहीं कर पाए
लंच तक भारत ने दो विकेट के नुकसान पर 193 रन बनाए थे। दूसरे सत्र में मेजबानों ने 110 रन जोड़े। लंच के बाद खेलने उतरी मेजबान टीम को अपने कप्तान विराट कोहली से काफी उम्मीदें थीं। फील्डिंग के दौरान कंधे में चोट लगने के बाद विराट मैदान से दूर थे। बल्लेबाजी करने आए कप्तान ज्यादा कुछ नहीं कर पाए। वह ओकीफी की गेंद पर ड्राइव करने गए लेकिन गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेकर दूसरे स्लिप में गई जहां ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीवन स्मिथ ने उनका शानदार कैच पकड़ा।

रहाणे और नायर भी रहे फेल
रहाणे लय पकड़ने की कोशिश कर रहे थे तभी कमिंस की बाउंस को भांपने में गलती कर बैठे और खराब शॉट खेलकर विकेट के पीछे मैथ्यू वेड के हाथों लपके गए। इसके बाद नायर ने क्रीज पर कदम रखा। दूसरे छोर पर खड़े पुजारा ने 94वें ओवर की चौथी गेंद पर कमिंस पर चौका मार अपना शतक पूरा किया। यह इस सीरीज में किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा लगाया गया पहला शतक है।

Pat Cummins | AP Photo
Pat Cummins | AP Photo

पैट कमिंस। (AP फोटो)

पैट कमिंस ने बिगाड़ा भारत का खेल
ऑस्ट्रेलिया की ओर से पैट कमिंस ने 4 विकेट लिए हैं जबकि स्टीव ओ कीफ और जोश हेजलवुड को एक-एक सफलता मिली है। इससे पहले अपने पहले दिन के स्कोर एक विकेट पर 120 रनों से आगे खेलने उतरी भारतीय टीम ने शनिवार को पहले सत्र में एक विकेट खोकर अपने खाते में 73 रन जोड़े। पहले दिन राहुल के आउट होने के बाद भारत को अच्छी स्थिति में पहुंचाने वाली विजय और पुजारा की जोड़ी ने इस सत्र में भी अच्छी बल्लेबाजी की। अपने करियर का 50वां टेस्ट मैच खेल रहे विजय ने 50वें ओवर की पहली गेंद पर एक रन लेकर अपना 15वां अर्धशतक पूरा किया। शतक की ओर बढ़ रहे विजय ने ओकीफी की गेंद पर आगे बढ़कर मारने का प्रयास किया, लेकिन चूक गए और वेड ने उन्हें स्टम्पिंग करने में कोई गलती नहीं की।

विजय और पुजारा ने की रिकॉर्ड साझेदारी
183 गेंदों पर 10 चौके और एक छक्का लगाने वाले विजय ने पुजारा के साथ दूसरे विकेट के लिए 102 रनों की शानदार शतकीय साझेदारी की। विजय 193 के कुल योग पर आउट हुए और इसके साथ ही लंच की घोषणा कर दी गई। विजय और पुजारा की जोड़ी की 2016-17 सत्र में छठी शतकीय साझेदारी है। वह ऐसा करने वाली विश्व की दूसरी जोड़ी बन गए। इससे पहले, एक सत्र में सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी करने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू हेडन और रिकी पोंटिंग के नाम है, जिन्होंने 2005-06 सत्र में सबसे अधिक सात शतकीय साझेदारियां की थीं।

राहुल और पुजारा की जोड़ी ने भी बनाया रिकॉर्ड
इसके अलावा, राहुल और पुजारा की जोड़ी एक पूरे सत्र में भारत के लिए सबसे अधिक रनों की साझेदारी करने वाली दूसरी जोड़ी भी बन गई। उन्होंने 2016-17 सत्र में 10 पारियों में 954 रन बनाए हैं। इस सूची में पहला नाम राहुल द्रविड़ और गौतम गंभीर की जोड़ी का है। राहुल और गौतम ने 2008-09 सत्र में भारत के लिए 14 पारियों में 961 रनों की साझेदारी की थी।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल