1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रोहित शर्मा ने फिर ठोके 4 गेंदों पर 4 छक्के, बन गए नंबर-1

रोहित शर्मा ने फिर ठोके 4 गेंदों पर 4 छक्के, बन गए नंबर-1

 Written By: Manoj Shukla
 Published : Dec 23, 2017 03:07 pm IST,  Updated : Dec 23, 2017 03:07 pm IST

2 बार 4 गेंदों में 4 छक्के लगाने वाले भारत के पहले क्रिकेटर बने रोहित शर्मा

रोहित शर्मा- India TV Hindi
रोहित शर्मा

रोहित शर्मा का बल्ला जिस तरह से आग उगल रहा है उसे देखकर ऐसा लग रहा है कि वो आने वाले समय में क्रिकेट के कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। दूसरे टी20 मैच में सबसे तेज शतक लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी करने वाले रोहित ने तूफानी पारी खेलते हुए 43 गेंदों में 118 रन बनाए। इस दौरान रोहित के बल्ले से 12 चौके और 10 गगनचुंबी छक्के निकले। इसके अलावा मैच में एक ऐसा पल भी आया जब उन्होंने 11वें ओवर में तिसारा परेरा की 4 गेंदों पर लगातार 4 छक्के जड़कर इतिहास रच दिया। इसके साथ ही रोहित अब इस कारनामे को 2 बार अंजाम देने वाले भारत के पहले खिलाड़ी बन गए।

रोहित शर्मा ने रचा इतिहास: रोहित शर्मा ने परेरा की लगातार 4 गेंदों पर 4 छक्के लगाकर इतिहास रच दिया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रोहित ने दूसरी बार इस बड़ी उपलब्धि को हासिल किया है। इससे पहले रोहित ने श्रीलंका के ही खिलाफ वनडे सीरीज में सुरंगा लकमल की 4 गेंदों पर लगातार 4 छक्के जड़े थे। अब रोहित इस कारनामे को दोहराने वाले भारत के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। रोहित के अलावा कपिल देव ने साल 1990 में टेस्ट, जहीर खान ने साल 2000 में वनडे, युवराज सिंह ने साल 2007 में टी20 में (6 गेंदों में 6 छक्के) एक-एक बार 4 गेंदों में 4 छक्के लगाए हैं।

रोहित ने ठोके लगातार 4 छक्के: दूसरे टी20 में बेहद आक्रामक बल्लेबाजी करने वाले रोहित ने पारी के 11वें ओवर में अपना उग्र रूप दिखाया और श्रीलंका के कप्तान तिसारा परेरा की लगातार 4 गेंदों को 6 रनों के लिए भेजा। रोहित ने ओवर की आखिरी 4 गेंदों पर 4 छक्के जड़े। आइए आपको बताते हैं कि रोहित ने कैसे किया ये कारनामा?

तीसरी गेंद: तीसरी गेंद को रोहित ने लॉन्ग बाउंड्री के बाहर पहुंचाया। हालांकि इस दौरान गेंद ठीक तरीके से रोहित के बल्ले पर नहीं आई और फील्डर के पास कैच करने का मौका था लेकिन गेंद फील्डर के हाथ से निकलर 6 रनों के लिए चली गई।

चौथी गेंद: परेरा ने रोहित से बचने के लिए चौथी गेंद को ऑफ स्टंप के बाहर लगभग वाइड लाइन के पास फेंका। लेकिन रोहित ने इस गेंद को भी लॉन्ग ऑन के ऊपर से 6 रनों के लिए भेज दिया।
पांचवीं गेंद: इस बार भी परेरा ने गेंद ऑफ स्टंप की वाइड लाइन के पास और यॉर्कर फेंकने की कोशिश की लेकिन रोहित ने गेंद को प्वॉइंट बाउंड्री के ऊपर से 6 रनों के लिए भेज दिया।
छठी गेंद पर भी छक्का: रोहित लगातार आक्रामक होकर खेल रहे थे। परेरा ने आखिरी गेंद फुल लेंथ रखी और रोहित ने इस गेंद को भी कवर्स के ऊपर से खेलकर लगातार 4 गेंदों में 4 छक्के ठोक दिए।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल