1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारत दौर के लिए साउथ अफ्रीका टीम का हुआ ऐलान, पूर्व कप्तान की हुई टीम में वापसी

भारत दौर के लिए साउथ अफ्रीका टीम का हुआ ऐलान, पूर्व कप्तान की हुई टीम में वापसी

 Reported By: Bhasha
 Published : Mar 02, 2020 01:07 pm IST,  Updated : Mar 02, 2020 03:56 pm IST

साउथ अफ्रीका टीम में भारत दौरे पर पूर्व कप्तान फाफ डू प्लेसिस की वापसी हुई है जबकि टीम की कमान विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक के हाथ में है।

Faf Du Plesis- India TV Hindi
Faf Du Plesis Image Source : GETTY IMAGES

जोहानिसबर्ग। बायें हाथ के स्पिनर जार्ज लिंडे धर्मशाला में 12 मार्च से भारत के खिलाफ शुरू हो रही तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला के लिए दक्षिण अफ्रीका की टीम में एकमात्र नया चेहरा होंगे जबकि पूर्व कप्तान फाफ डुप्लेसिस की टीम में वापसी हुई है। लिंडे ने पिछले साल भारत दौरे के दौरान टेस्ट पदार्पण किया था।

पंद्रह सदस्यीय टीम में डु प्लेसिस और रेसी वान डेर डुसेन दोनों की वापसी हुई है जिन्हें पिछली श्रृंखला में आराम दिया गया था। टीम में काइल वेरीने को भी बरकरार रखा गया है जिन्होंने शनिवार को पार्ल में आस्ट्रेलिया के खिलाफ पदार्पण करते हुए 64 गेंद में 48 रन की पारी खेलकर प्रभावित किया था।

डु प्लेसिस की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका की टीम निराशाजनक प्रदर्शन करते हुए विश्व कप के पहले चरण से ही बाहर हो गई जिसके बाद से उन्होंने कोई एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। केशव महाराज और लुथो सिपामला को भी टीम में बरकरार रखा गया है।

क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने बयान में कहा, ‘‘दक्षिण अफ्रीका ने भारत में 2023 में होने वाले आईसीसी विश्व कप में टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले संभावित खिलाड़ियों की खोज जारी रखते हुए इन खिलाड़ियों का चयन किया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह चुने हुए खिलाड़ियों के लिए अच्छा मौका है कि वे जिम्मेदारी लें और दिखाएं कि भारत में मुश्किल हालात में खेलने में सक्षम हैं।’’

स्पिनर तबरेज शम्सी हालांकि चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे क्योंकि उन्हें और उनकी पत्नी को अपने पहले बच्चे के जन्म का इंतजार है। टीम के मुख्य तेज गेंदबाज कागिसो रबादा ग्रोइन की चोट के कारण अनुपलब्ध रहेंगे। दक्षिण अफ्रीका ने पिछले साल तीन टेस्ट और इतने ही टी20 मैचों की श्रृंखला के लिए भारत का दौरा किया था। टी20 श्रृंखला 1-1 से बराबर रही थी जबकि टेस्ट श्रृंखला में भारत ने एकतरफा जीत दर्ज की थी।

टीम इस प्रकार है: क्विंटन डिकाक (कप्तान), तेंबा बावुमा, रेसी वान डेर डुसेन, फाफ डु प्लेसिस, काइल वेरीने, हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, जान-जान स्मट्स, एंडिले फेहलुकवायो, लुंगी एनगिडी, लुथो सिपामला, ब्युरेन हेंड्रिक्स, एनरिक नोर्टजे, जार्ज लिंडे और केशव महाराज।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।