1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Ind vs NZ : न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम इंडिया में शिखर धवन की जगह संजू सैमसन और पृथ्वी शॉ को मिला मौका

Ind vs NZ : न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम इंडिया में शिखर धवन की जगह संजू सैमसन और पृथ्वी शॉ को मिला मौका

 Reported By: IANS
 Published : Jan 21, 2020 09:20 pm IST,  Updated : Jan 21, 2020 09:47 pm IST

टी20 टीम में शिखर की जगह युवा विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन जबकि वनडे टीम में पहली बार युवा पृथ्वी शॉ को शामिल किया गया है।

Shikhar Dhawan- India TV Hindi
Shikhar Dhawan Image Source : TWITTER/BCCI

मुंबई|  भारत के सालमी बल्लेबाज शिखर धवन कंधे में चोट के कारण न्यूजीलैंड दौर पर खेली जाने वाली वनडे और टी-20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति ने मंगलवार को धवन के स्थान पर संजू सैमसन को टी-20 में वापस बुलाया। वहीं, युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ को वनडे टीम में मौका दिया है। बीसीसीआई ने एक बयान जारी कर इस बात की जानकारी दी।

सैमसन को श्रीलंका के खिलाफ खेली गई सीरीज के बाद बाहर कर दिया गया था लेकिन न्यूजीलैंड दौरे पर वह एक बार फिर टीम में वापसी करने में सफल रहे हैं। वहीं शॉ पहली बार वनडे टीम में आए हैं।

शॉ टेस्ट टीम का हिस्सा थे लेकिन ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उनको चोट लगी थी जिसके कारण वह बाहर हो गए थे और फिर डोपिंग के कारण भी वह बाहर ही रहे थे। धवन भी चोट से वापसी करते हुए श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया सीरीज में लौटे थे। बेंगलुरू में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए आखिरी वनडे में वह फिर चोटिल हो गए थे इसलिए टीम से बाहर चले गए हैं।

बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा, "सलामी बल्लेबाज शिखर धवन न्यूजीलैंड दौरे पर टी-20 और वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। धवन को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रविवार को बेंदलुरू में खेले गए तीसरे वनडे मैच में गेंद रोकने के दौरान बाएं कंधे में चोट लग गई थी।"

बयान के मुताबिक, "उनके कंधे का एमआरआई कराया गया और इससे पता चला कि उनको ग्रेड-2 की चोट है इसलिए उन्हें कुछ समय आराम करने की सलाह दी गई है। फरवरी के पहले सप्ताह से वह राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में रिहैब की प्रक्रिया शुरू करेंगे।"

बयान में लिखा है, "अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति ने धवन के स्थान पर संजू सैमसन टी-20 और वनडे सीरीज के लिए शॉ को चुना है।"

सैमसन और शॉ दोनों इस समय न्यूजीलैंड में हैं और इंडिया-ए की टीम से खेल रहे हैं। शॉ ने इंडिया-ए से खेलते हुए न्यूजीलैंड एकादश के खिलाफ दूसरे वनडे में शानदार शतक भी जमाया था। भारत को न्यूजीलैंड में पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेलनी है जिसकी शुरुआत 24 जनवरी से हो रही है। इसके बाद तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी।

न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 टीम इस प्रकार है:- विराट कोहली (C), रोहित शर्मा (VC), संजू सैमसन, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, ऋषभ पंत (WK), शिवम दूबे, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी , नवदीप सैनी, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर।

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे टीम इस प्रकार है:- विराट कोहली (C), रोहित शर्मा (VC), पृथ्वी शॉ, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, ऋषभ पंत (WK), शिवम दूबे, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, नवदीप सैनी , शार्दुल ठाकुर, केदार जाधव।

 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल