1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टेस्ट क्रिकेट में है विश्व स्तरीय गेंदबाजों की कमी- सचिन तेंदुलकर

टेस्ट क्रिकेट में है विश्व स्तरीय गेंदबाजों की कमी- सचिन तेंदुलकर

 Reported By: Bhasha
 Published : Nov 14, 2019 04:00 pm IST,  Updated : Nov 14, 2019 04:00 pm IST

तेंदुलकर ने अपने 24 साल के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 200 टेस्ट मैच खेले हैं। 

Sachin Tendulkar- India TV Hindi
Sachin Tendulkar Image Source : TWITTER- @ICC

इंदौर। महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर खेल के पारंपरिक प्रारूप को लेकर चिंतित हैं क्योंकि टेस्ट क्रिकेट को लेकर जो दिलचस्पी पहले बनी रहती थी, अब वह समाप्त हो गई है। सत्तर और अस्सी के दशक में सुनील गावस्कर बनाम एंडी रोबर्ट्स, डेनिस लिली या इमरान खान के बीच गेंद और बल्ले की भिड़ंत देखने का इंतजार रहता था। 

इसी तरह तेंदुलकर बनाम ग्लेन मैकग्रा या वसीम अकरम के बीच मुकाबला भी आकर्षण का केंद्र रहता था। लेकिन अब ऐसा नहीं है, तेंदुलकर को ऐसा ही लगता है जिन्होंने अपने 24 साल के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 200 टेस्ट मैच खेले हैं। 

इस भारतीय क्रिकेटर ने अपने पदार्पण (15 नवंबर 1989) के बाद से पिछले 30 वर्षों में क्रिकेट में हो रहे बदलाव का आकलन करते हुए कहा, ‘‘लोग जो प्रतिद्वंद्विता देखना चाहते थे, वह अब नहीं रही है क्योंकि इस समय विश्व स्तरीय तेज गेंदबाजों की बहुत कमी है। मुझे लगता है कि इस चीज की कमी अखरती है। इसमें कोई शक नहीं कि तेज गेंदबाजों का स्तर बेहतर किया जा सकता है। ’’ 

टेस्ट क्रिकेट में प्रतिस्पर्धा केवल तीन देशों (भारत, आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड) तक ही सीमित है तो इस बारे के बारे में पूछने पर वह भी इससे सहमत थे। तेंदुलकर ने कहा, ‘‘टेस्ट क्रिकेट का स्तर नीचे गिरा है जो टेस्ट क्रिकेट के लिये अच्छी खबर नहीं है। क्रिकेट का स्तर ऊपर होने की जरूरत है और इसके लिये मैं फिर कहूंगा कि सबसे अहम चीज है खेलने वाली पिचें। ’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि जो पिचें मुहैया करायी जाती हैं, इसका भी इससे लेना देना है। अगर हम अच्छी पिचें मुहैया करायें जहां तेज गेंदबाजों और स्पिनरों को भी मदद मिले तो गेंद और बल्ले में संतुलन बरकरार रहेगा।’’ तेंदुलकर ने कहा, ‘‘अगर संतुलन की कमी है तो मुकाबला कमजोर हो जायेगा और यह आकर्षक नहीं रहेगा। टेस्ट क्रिकेट में अच्छे विकेट होने चाहिए। ’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल