1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ...जब धुनाई के बाद शेन वार्न ने लिया था ‘बर्थडे ब्वाय’ सचिन तेंदुलकर से ऑटोग्राफ

...जब धुनाई के बाद शेन वार्न ने लिया था ‘बर्थडे ब्वाय’ सचिन तेंदुलकर से ऑटोग्राफ

 Edited By: Bhasha
 Published : Apr 23, 2020 01:15 pm IST,  Updated : Apr 23, 2020 01:15 pm IST

तेंदुलकर और वार्न के बीच मुकाबले को क्रिकेट जगत के सबसे चर्चित व्यक्तिगत मुकाबलों में शामिल रहा है ।

Sachin Tendulkar, Shane Warne, sachin birthday, Birthday- India TV Hindi
Sachin Tendulkar Image Source : TWITTER

इंटरनेशनल क्रिकेट में शतकों का शतक जमाने वाले सचिन तेंदुलकर ने इनमें से एक शतक अपने जन्मदिन यानि 24 अप्रैल को भी बनाया था जिसमें उन्होंने शेन वार्न की गेंदों की जमकर धुनाई करके इस ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज को ऑटोग्राफ लेने के लिये मजबूर कर दिया था। तेंदुलकर और वार्न के बीच मुकाबले को क्रिकेट जगत के सबसे चर्चित व्यक्तिगत मुकाबलों में शामिल रहा है लेकिन शारजाह में 24 अप्रैल 1998 को ऑस्ट्रेलिया का शातिर लेग स्पिनर भारतीय मास्टर ब्लास्टर के आगे नतमस्तक था। 

आखिर तीन दिन के अंदर दूसरी बार उनकी गेंदों की जमकर धुनाई हुई थी जिसे खुद वार्न ने भी स्वीकार किया था। कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में अहम योगदान देने वाले डॉक्टरों, नर्सों, सहयोगियों, पुलिसकर्मियों, सैन्यकर्मियों और सफाईकर्मियों के सम्मान में तेंदुलकर ने हालांकि कल अपना 47वां जन्मदिन नहीं मनाने का फैसला किया है। लेकिन आज से 22 साल पहले तेंदुलकर ने अपने 25वें जन्मदिन का भरपूर जश्न भी मनाया था और इस बीच उन्हें दो ‘अनोखे उपहार’ भी मिले थे। 

भारत ने तेंदुलकर के दम पर शारजाह में तब ट्राइंगुलर सीरीज जीती थी। तेंदुलकर मैन ऑफ द सीरीज और फाइनल के मैन ऑफ द मैच बने थे लेकिन अपने जन्मदिन पर उन्हें सबसे बड़ा पुरस्कार किसी और ने नहीं बल्कि स्वयं वार्न ने दिया था। उन्होंने अपनी शर्ट निकाली और तेंदुलकर को उस पर ऑटोग्राफ देने के लिये कहा। यह उस टूर्नामेंट का यादगार क्षण बन गया था। तेंदुलकर को दूसरा बड़ा इनाम ऑस्ट्रेलिया के तत्कालीन कप्तान स्टीव वॉ ने दिया था जिन्होंने पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान कहा था कि उनकी टीम को भारत ने नहीं बल्कि सचिन तेंदुलकर ने हराया। 

यह भी पढ़ें- अपना 47वां जन्मदिन नहीं मनाएंगे सचिन तेंदुलकर, बताई ये बड़ी वजह

तेंदुलकर ने एक इंटरव्यू में इसका जिक्र करते हुए कहा था, ‘‘मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह विशेष बन गया था। स्टीव वॉ ने कहा था कि वे मुझसे हार गये। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने यह बात उस दिन कही थी जिस दिन मेरा 25वां जन्मदिन था। जन्मदिन पर इससे बेहतर कोई उपहार नहीं हो सकता था। ’’

ऑस्ट्रेलियाई टीम बेहतरीन फॉर्म में चल रही थी। ट्राइंगुलर सीरीज में उसने लीग चरण के सभी चारों मैच जीते। भारत और न्यूजीलैंड ने एक एक मैच में एक दूसरे को हराया था। भारत को अपना आखिरी लीग मैच 22 अप्रैल को खेलना था। उस दिन शारजाह में भयंकर तूफान आया था लेकिन मैदान पर तेंदुलकर तूफान लेकर आये थे। 

यही वजह है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन दिन के अंदर खेली गयी उनकी दो शतकीय पारियों को क्रिकेट जगत में आज भी ‘डेजर्ट स्ट्रोम’ के नाम से जाना जाता है। भारत को फाइनल में पहुंचने के लिये आखिरी लीग मैच में जीत या कम अंतर से हारने की जरूरत थी। भारत के सामने 285 रन का लक्ष्य था और ऐसे में तेंदुलकर ने 143 रन की बेजोड़ पारी खेली थी जिसे आज भी वनडे की सर्वश्रेष्ठ पारियों में गिना जाता है। 

यह भी पढ़ें- विश्व कप सेमीफाइनल में धोनी से पहले बल्लेबाजी के लिए भेजे जाने पर हैरान थे दिनेश कार्तिक

भारत करीबी अंतर से मैच हार गया था लेकिन तेंदुलकर ने इससे पहले उसे फाइनल में पहुंचा दिया था। फाइनल तेंदुलकर के 25वें जन्मदिन पर था। इस बार भारत के सामने 273 रन का लक्ष्य था। 

तेंदुलकर ने 134 रन बनाये और भारत को जीत दिलायी। मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद 25 हजार दर्शकों ने तेंदुलकर से वार्न पर छक्का जड़ने की मांग की तो इस स्टार बल्लेबाज ने आगे बढ़कर गेंदबाज के सिर के ऊपर से छक्का लगा दिया था। कमेंटेटर टोनी ग्रेग ने वार्न और फिर माइकल कास्प्रोविच पर लगाये गये तेंदुलकर के छक्कों को देखकर कहा था, ‘‘अगर कोई (डॉन) ब्रैडमैन के बेहद करीब है, तो यह छोटे कद का इंसान है। ’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल