1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. महिला विश्व कप : भारतीय क्रिकेट टीम ने आस्ट्रेलिया को दिया 227 रनों का लक्ष्य

महिला विश्व कप : भारतीय क्रिकेट टीम ने आस्ट्रेलिया को दिया 227 रनों का लक्ष्य

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 12, 2017 07:17 pm IST,  Updated : Jul 12, 2017 07:17 pm IST

आस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर सबसे पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और भारत को निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर केवल 226 रन बनाने का ही मौका दिया।

indian women cricket team- India TV Hindi
indian women cricket team

नई दिल्ली: बुधवार को आईसीसी महिला विश्व कप के मैच में आस्ट्रेलिया की टीम ने अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से भारतीय टीम को 226 रनों पर ही रोक दिया। सलामी बल्लेबाज पूनम राउत (106) और कप्तान मिताली राज (69) के बीच दूसरे विकेट के लिए हुई बेहतरीन साझेदारी के बावजूद भारतीय टीम मैच में आस्ट्रेलिया के सामने 227 रनों का लक्ष्य ही रख पाईं। आस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर सबसे पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और भारत को निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर केवल 226 रन बनाने का ही मौका दिया।

मिताली और पूनम ने जरूर विकेट नहीं गिरने दिए, लेकिन रनगति को यह दोनों बल्लेबाज तेज नहीं कर सकी। आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने इन्हें बड़े शॉट लगाने से रोके रखा।

भारत को अच्छी शुरुआत नहीं मिली और बाएं हाथ की बल्लेबाज स्मृति मंधाना (3) एक बार फिर बल्ले से कमाल नहीं दिखा पाई। वह नौ के कुल स्कोर पर पवेलियन लौट गईं।

यहां से मिताली और पूनम ने मोर्चा संभाला और आस्ट्रेलिया को विकेट के लिए तरसा दिया। दोनों ने धीरे-धीरे पारी को आगे बढ़ाया और 37.1 ओवरों में 4.22 की औसत से 157 रनों की शतकीय साझेदारी की।

इस साझेदारी के दौरान मिताली ने अपने नाम एक नया रिकार्ड दर्ज किया। वह वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली महिला बल्लेबाज बन गईं। इस मामले में उन्होंने इंग्लैंड की बल्लेबाज चार्लोट एडवर्ड्स को पछाड़ा, जिनके नाम 5,992 रन दर्ज थे।

मिताली ने 29वें ओवर की चौथी गेंद पर एक रन लेते ही यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। इस मैच से पहले वह इस मुकाम से 34 रन दूर थी।

यह मिताली का 183वां मैच और 164वीं पारी है। इस मैच में उन्होंने 114 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 69 रनों की पारी खेली। उनके नाम अभी तक 51.83 की औसत से 6,061 रन दर्ज हैं। वनडे में उनका सर्वोच्च स्कोर नाबादा 114 है। उनके हिस्से पांच शतक और 49 अर्धशतक हैं।

उनकी पारी का अंत 41वें ओवर की तीसरी गेंद पर 166 के कुल स्कोर पर एशले गार्डनर ने किया। इसके बाद पूनम ने अपना शतक पूरा किया। लेकिन सैंकड़ा जमाने के बाद वह ज्यादा देर विकेट पर रुक नहीं पाईं। अंत के ओवरों में तेजी से रन बानने के प्रयास में वह 47वें ओवर में 203 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौट गई। उन्होंने अपनी शतकीय पारी में 136 गेंदें खेली जिसमें 11 चौके लगाए।

इन दोनों के जाने के बाद भारतीय बल्लेबाज लगातार विकेट खोती रहीं। यहां से भारत ने 23 रन जोड़े, लेकिन अपने चार विकेट गंवा दिए। अंत के पांच ओवरों में भारतीय टीम ने पांच विकेट खोकर 33 रन बनाए।

आस्ट्रेलिया की तरफ से मेगन शुट और एलिस पैरी ने दो-दो विकेट लिए। गार्डनर और क्रिस्टन बीम्स को एक-एक सफलता मिली। भारत की एक बल्लेबाज रन आउट हुईं।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल