लंदन। न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी के अहम खिलाड़ी रॉस टेलर अपना चौथा विश्व कप खेलने की तैयारी में जुटे हैं लेकिन उन्होंने चार साल बाद खेल के इस महासमर में दोबारा खेलने की संभावना से इंकार नहीं किया।
टेलर का ये अंतिम विश्व कप हो सकता है लेकिन वेस्टइंडीज के क्रिकेटर क्रिस गेल से प्रेरित इस क्रिकेटर ने कहा कि अगर उनका शरीर उन्हें अनुमति देता है तो वह एक और विश्व कप में खेल सकते हैं।
वह गेल से काफी प्रभावित हैं जिनके लिये उम्र तो महज एक संख्या है और वह अब भी इतने छक्के जड़कर तेजी से रन जुटाते हैं। टेलर अपना चौथा विश्व कप खेलेंगे, उन्होंने आईसीसी वेबसाइट से कहा, ‘‘मैं 35 वर्ष का हूं लेकिन आप नहीं जानते कि आगे क्या होगा। क्रिस गेल शायद प्रेरणा बन सकते हैं - वह इस विश्व कप में 39 वर्ष के हैं और अगले विश्व कप में मैं 39 का हो जाऊंगा तो यह इतना आसान भी नहीं है। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘आप कुछ नहीं कह सकते, यह शायद मेरा अंतिम विश्व कप हो लेकिन अगर हैमस्ट्रिंग और पिंडलियां ठीक रहती हैं तो शायद मैं ऐसा कर सकता हूं। ’’
बता दें कि न्यूजीलैंड की टीम ने पहले अभ्यास मैच में भारत को 6 विकेट से हराया था। जिसमें टेलर ने बेहतरीन 71 रनों की मैच जीताऊ पारी खेली थी। ऐसे में शानदार फॉर्म में चल रहे टेलर पिछली बार विश्व कप 2015 में फ़ाइनल की हार को भुलाकर विश्व कप खिताब जीतना चाहेंगे।