1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. World Cup 2019: सेमीफाइनल का टिकट पक्का होने के बावजूद मिशेल स्टार्क ने कंगारू टीम को किया आगाह

World Cup 2019: सेमीफाइनल का टिकट पक्का होने के बावजूद मिशेल स्टार्क ने कंगारू टीम को किया आगाह

 Reported By: Bhasha
 Published : Jun 26, 2019 11:30 am IST,  Updated : Jun 26, 2019 11:30 am IST

ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने कहा कि गत् चैंपियन टीम नॉकआउट चरण से पहले चीजों को हल्के में लेने की गलती नहीं कर सकती।

World Cup 2019: सेमीफाइनल का...- India TV Hindi
World Cup 2019: सेमीफाइनल का टिकट पक्का होने के बावजूद मिशेल स्टार्क ने कंगारू टीम को किया आगाह Image Source : GETTY IMAGES

लंदन। ऑस्ट्रेलिया विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली पहली टीम बना लेकिन टीम के तेज गेंदबाजी आक्रमण के अगुआ मिशेल स्टार्क ने कहा कि गत चैंपियन टीम नॉकआउट चरण से पहले चीजों को हल्के में लेने की गलती नहीं कर सकती।

ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को लार्ड्स में मेजबान इंग्लैंड को 64 रन से हराकर अंतिम आठ में जगह सुनिश्चित की। सेमीफाइनल से पहले ऑस्ट्रेलिया को हालांकि न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो और लीग मैच खेलने हैं।

स्टार्क ने कहा,‘‘सेमीफाइनल से पहले काफी क्रिकेट खेला जाना बाकी है। हमें दो बेहद महत्वपूर्ण मैच खेलने हैं लेकिन फाइनल की मेजबानी करने वाले लार्ड्स में खेलकर हमें आत्मविश्वास मिला है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें न्यूजीलैंड के खिलाफ भी यहां खेलना है जो कड़ा मुकाबला होगा। वे शानदार क्रिकेट खेल रहे हैं। किसी ने भी उनके बारे में अधिक चर्चा नहीं की है और वे लगातार जीत रहे हैं।’’

स्टार्क ने मैच में 8.4 ओवर में 43 रन देकर चार विकेट चटकाए और उन्होंने बायें हाथ के अपने साथी तेज गेंदबाज जेसन बेहरेनडोर्फ की जमकर तारीफ की जिन्होंने अपने दूसरे ही विश्व कप मैच में 44 रन देकर पांच विकेट हासिल किए।

उन्होंने कहा, ‘‘बेहरेनडोर्फ ने शानदार गेंदबाजी की, खूबसूरत और वह पांच विकेट लेने का हकदार था और यहां लार्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन देखकर काफी खुशी हुई। मैंने अतीत में मिशेल जानसन के साथ गेंदबाजी की है और आज के प्रदर्शन ने साबित किया कि ऐसा कोई कारण नहीं है कि अगर पिच और स्थिति अनुकूल है तो आप दो बायें हाथ के तेज गेंदबाजों के साथ नहीं उतर सकते।’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल