T20 World Cup: 8 मार्च से पहले T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी भी टीम ने बैक टू बैक खिताब जीतने का कारनामा नहीं किया था। फिर आया वो पल जिसने इस इतिहास को पूरी तरह बदलकर रख दिया। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर T20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीत लिया। इस तरह टीम इंडिया अपने घर में खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई। भारतीय टीम सबसे ज्यादा तीन खिताब जीतने वाली पहली टीम है।
टीम इंडिया ने बदला इतिहास
अहमदाबाद में ऐतिहासिक जीत के बाद टीम इंडिया की T20 क्रिकेट में बादशाहत को दिखाने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में भारतीय क्रिकेट के तीन सबसे ऐतिहासिक पल 2007, 2024 और 2026 T20 वर्ल्ड कप की जीत को एक साथ दिखाया गया है। वीडियो में सबसे पहले झलक मिलती है साल 2007 की, जब युवा कप्तान एमएस धोनी की अगुवाई में टीम इंडिया ने पहला ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। जोहान्सबर्ग में खेले गए फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में हराकर इतिहास रच दिया था। उस जीत ने भारतीय क्रिकेट में एक नए युग की शुरुआत कर दी थी। हालांकि, इस जीत के बाद टीम इंडिया को अपना दूसरा खिताब जीतने में लंबा वक्त लग गया।
वायरल वीडियो में दूसरी क्लिप 2024 के सुनहरे पल की है, जब रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने बारबाडोस में साउथ अफ्रीका को हराकर 17 साल बाद दूसरी बार T20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम की थी। उस फाइनल में भारत ने 7 रन से जीत दर्ज कर लंबे समय का इंतजार खत्म किया था।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा VIDEO
और फिर वीडियो के आखिर में आता है 2026 का ऐतिहासिक क्षण, जब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार T20 वर्ल्ड कप जीत लिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन बनाए और न्यूजीलैंड को 159 रन पर रोक दिया। इस जीत के साथ भारत T20 वर्ल्ड कप इतिहास में तीन बार खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गया। इतना ही नहीं, भारत ने लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतकर और अपने ही घर में वर्ल्ड कप जीतकर भी नया रिकॉर्ड कायम किया।
इस वायरल वीडियो में एक ही फ्रेम में तीन महान कप्तानों का भावुक अंदाज नजर आ रहा है, जिसमें धोनी की मंद मुस्कान, रोहित शर्मा का इमोशनल अवतार और सूर्यकुमार यादव की जश्न से भरी खुशी एक साथ दिखाई दे रही है। यही वजह है कि यह वीडियो फैंस के दिलों को छू रहा है और भारतीय क्रिकेट की शानदार यात्रा को याद दिला रहा है।
यह भी पढ़ें:
T20 WC जिताने के बाद सूर्या ने किया अगले बड़े लक्ष्य का खुलासा, 2028 को लेकर कही ये बड़ी बात
IND vs NZ: टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर रचा इतिहास, फाइनल में न्यूजीलैंड को रौंदा