वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के दूसरे सीजन का ऐलान कर दिया गया है, जिसमें इस बार भी टूर्नामेंट इंग्लैंड में खेला जाएगा। पिछले सीजन की तरह दूसरे सीजन में भी 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं वहीं उनकी स्क्वाड में जरूर कुछ बदलाव देखने को मिले हैं। WCL के दूसरे सीजन में साउथ अफ्रीका चैंपियंस टीम की तरफ से वर्ल्ड क्रिकेट में मिस्टर 360 डिग्री के नाम से पहचाने जाने वाले एबी डिविलियर्स भी खेलते हुए नजर आएंगे। डब्ल्यूसीएल के दूसरे सीजन का आगाज जहां 18 जुलाई से होगा तो वहीं फाइनल मुकाबला 2 अगस्त को खेला जाएगा। पहले सीजन में इंडिया चैंपियंस की टीम ने युवराज सिंह की कप्तानी में फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान चैंपियंस को मात देने के साथ खिताब अपने नाम किया था।
दिग्गजों के साथ फिर से खेलना मेरे लिए बड़ी बात
एबी डिविलियर्स ने वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के दूसरे सीजन में साउथ अफ्रीका चैंपियंस टीम का हिस्सा बनने के बाद दिए अपने बयान में कहा कि साउथ अफ्रीका की टीम के लिए खेलना मेरे लिए हमेशा बड़ी बात रही है। दिग्गजों के ग्रुप का फिर से हिस्सा बनना मेरे लिए काफी बड़ी बात है। हम इस टूर्नामेंट में सिर्फ हिस्सा लेने के इरादे से मैदान पर खेलने नहीं उतरेंगे, बल्कि इस टूर्नामेंट को जीतने की भी कोशिश करेंगे। बता दें कि एबी डिविलियर्स के अलावा साउथ अफ्रीका चैंपियंस टीम के लिए दूसरे सीजन में क्रिस मौरिस, हासिम अमला, हर्शल गिब्स और डेल स्टेन जैसे कई बड़े खिलाड़ी खेलते हुए नजर आएंगे।
एबी डिविलियर्स का टी20 फॉर्मेट में है शानदार रिकॉर्ड
साउथ अफ्रीका टीम के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स की गिनती वर्ल्ड क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाजों में की जाती है, जिनका रिकॉर्ड तीनों फॉर्मेट में बेहतरीन है। वहीं टी20 फॉर्मेट में डिविलियर्स के रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो उन्होंने कुल 340 मुकाबले खेले हैं जिसमें उनका स्ट्राइक रेट जहां 150.13 का रहा है तो वहीं उनके बल्ले से 9424 रन देखने को मिले हैं। डिविलियर्स के नाम पर टी20 फॉर्मेट में चार शतकीय पारियों के अलावा 69 अर्धशतकीय पारियां भी दर्ज हैं।
ये भी पढ़ें
IND vs ENG: तो क्या ऋषभ पंत टीम इंडिया के लिए साबित हुए अनलकी प्लेयर?
सचिन तेंदुलकर का एक और वर्ल्ड रिकॉर्ड होगा ध्वस्त, जो रूट इसी सीरीज में कर देंगे काम तमाम!