भारत ने एशिया कप 2025 के सुपर-4 मैच में पाकिस्तान को 6 विकेट से करारी मात दी। इस मैच में भारत के जीत के हीरो अभिषेक शर्मा रहे। उन्होंने बल्ले से 74 रनों की पारी खेली। इसके अलावा शुभमन गिल ने भी 47 रन बनाए। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 105 रन की पार्टरनशिप हुई। आपको बता दें कि पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 में यह भारत की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी है। वहीं पहली बार पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल में भारतीय ओपनिंग जोड़ी के बीच 100+ रन की पार्टनरशिप हुई।
अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल की जोड़ी के नाम हुआ ये रिकॉर्ड
पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 में टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी की बात करें तो वहां अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल की जोड़ी टॉप पर पहुंच गई है। वहीं दूसरे नंबर पर गौतम गंभीर और अजिंक्य रहाणे का नाम है। 2012 में दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी हुई थी। उसके बाद शिखर धवन और रोहित शर्मा का नाम है, दोनों के बीच टी-20 वर्ल्ड कप 2014 में 54 रन की ओपनिंग साझेदारी हुई थी। 2022 में केएल राहुल और रोहित शर्मा के बीच 54 रन की पार्टनरशिप हुई थी।
विराट कोहली और हार्दिक पांड्या के नाम है ये खास रिकॉर्ड
पाकिस्तान के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए टी-20 में सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड विराट कोहली और हार्दिक पांड्या के नाम है। टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में खेले गए मैच के दौरान पांचवें विकेट के लिए दोनों के बीच 113 रन की साझेदारी हुई थी। वहीं इस एशिया कप में अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल के बीच पहले विकेट के लिए 105 रन की पार्टनरशिप हुई और वह इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। 2012 में एमएस धोनी और युवराज सिंह के बीच चौथे विकेट के लिए 97 रन की पार्टनरशिप हुई थी।
ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने अभिषेक शर्मा
अभिषेक शर्मा पाकिस्तान के खिलाफ बतौर ओपनर टी-20 इंटरनेशनल में अर्धशतक लगाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने हैं। इससे पहले ये कारनामा गौतम गंभीर ने किया था। उन्होंने टी-20 वर्ल्ड कप 2007 के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ 75 रन बनाए थे। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर अब शुभमन गिल का नाम है। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ सुपर-4 मैच में 47 रन बनाए थे।
यह भी पढ़ें
एशिया कप में अब किससे भिड़ेगी टीम इंडिया, कब- कहां और कितने बजे से शुरू होगा मुकाबला