ICC T20I Rankings: आईसीसी की नई रैंकिंग जारी कर दी गई है। इस वक्त एशिया कप चल रहा है, जहां रोज ही मुकाबले हो रहे हैं, इसलिए इस बार भी आईसीसी की टी20 रैंकिंग में कई बड़े बदलाव और फेरबदल नजर आ रहे हैं। हालांकि एक बात अभी भी पहले की ही जैसी है, टी20 के नंबर वन बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ही हैं। हालांकि इस बार उनकी रेटिंग और बढ़ गई है। अब अभिषेक ने नया शिखर छू लिया है और अगर इसी तरह की बल्लेबाजी वे करते रहे तो वो दिन दूर नहीं, जब वे सभी बल्लेबाजों को पीछे कर नया कीर्तिमान बना देंगे।
आईसीसी टी20 रैंकिंग में 900 से ज्यादा की रेटिंग पर पहुंचे अभिषेक
आईसीसी की टी20 रैंकिंग में अब अभिषेक शर्मा की रेटिंग 900 से ज्यादा की हो गई है। वे अब 907 तक की रेटिंग तक पहुंच चुके हैं। अब तक दुनिया के छह ही बल्लेबाज ऐसे हुए हैं, जिन्होंने 900 से ज्यादा की रेटिंग हासिल की है। इसमें अब तीन भारतीय शामिल हो गए हैं। हालांकि टी20 इंटरनेशनल की सर्वाधिक रेटिंग की बात की जाए तो वहां पर इंग्लैंड के डेविड मलान है। आईसीसी ने जब से टी20 की रैंकिंग जारी करनी शुरू की है, तब से लेकर अब तक डेविड मलान ही वे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 919 तक की रेटिंग हासिल की है।
सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली के बेहद करीब पहुंचे अभिषेक शर्मा
भारतीय बल्लेबाज की बात करें तो वहां पर सूर्यकुमार यादव सर्वाधिक रेटिंग हासिल करने वाले बल्लेबाज हैं। सूर्या ने एक वक्त में 912 तक की रेटिंग तक अपनी पहुंच बना ली थी। तब लग रहा था कि सूर्या डेविड मलान को पीछे कर देंगे, लेकिन वहीं से वे नीचे आना शुरू हुआ और अब काफी नीचे हैं। भारत के ही विराट कोहली ने भी टी20 इंटरनेशनल में एक बार 909 की रेटिंग हासिल कर ली थी। अब अभिषेक शर्मा विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव से कुछ ही रेटिंग दूर हैं और अगर कहीं उनका बल्ला यूं ही चलता रहा तो वे 919 की रेटिंग को पार कर डेविड मलान से भी आगे निकल जाएंगे।
नया इतिहास रचने के बिल्कुल करीब हैं अभिषेक
अभिषेक शर्मा अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। वे आते ही चौके और छक्कों की ऐसी झड़ी लगाते हैं कि गेंदबाज तुरंत बैकफुट पर चला जाता है। अभी एशिया कप में कई मैच बाकी हैं, अगर ऐसे ही उनके बल्ले से रन निकलते रहे तो आईसीसी टी20 रैंकिंग में रेटिंग के लिहाज से वे नया इतिहास भी रच देंगे। देखना होगा कि बाकी बचे हुए मैचों में अभिषेक कैसी बल्लेबाजी करते हैं।
यह भी पढ़ें
भारत और पाकिस्तान के बीच हो सकता है एशिया कप 2025 का फाइनल, इस समीकरण से हो जाएगा तय