न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए तीसरे टी20 मैच में टीम इंडिया के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा ने शानदार अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने इस मुकाबले में सिर्फ 14 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। उनकी इस तूफानी बल्लेबाजों को देखने के बाद कयास लगाए जाने लगे हैं कि वह अपने गुरु युवराज सिंह का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। T20I में फुल मेंबर टीम के खिलाफ सबसे कम गेंदों में फिफ्टी जड़ने का रिकॉर्ड युवराज के नाम है। युवी ने इंग्लैंड के खिलाफ 2007 टी20 वर्ल्ड कप के दौरान यह कारनामा महज 12 गेंदों में किया था।
युवराज सिंह के रिकॉर्ड को तोड़ने को लेकर अभिषेक शर्मा ने क्या कहा?
तीसरे टी20 मैच के बाद अभिषेक शर्मा से युवराज सिंह के सबसे तेज अर्धशतक के वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ने को लेकर सवाल पूछा गया। इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि युवी पाजी के इस रिकॉर्ड को तोड़ना किसी के लिए भी आसान नहीं होने वाला है। युवराज का सबसे तेज T20 फिफ्टी का रिकॉर्ड तोड़ना किसी के लिए भी नामुमकिन से ज्यादा है, लेकिन फिर भी, आप कभी नहीं जानते। क्रिकेट के खेल में कभी भी कुछ भी हो सकता है, कोई भी बल्लेबाज ऐसा कर सकता है क्योंकि मुझे लगता है कि इस सीरीज में सभी बल्लेबाज बहुत अच्छा खेल रहे हैं और आगे भी यह मजेदार होने वाला है।
अपनी तूफानी बैटिंग को लेकर अभिषेक का बड़ा बयान
अभिषेक शर्मा ने मैच के बाद अपनी बैटिंग को लेकर कहा कि मेरी टीम मुझसे यही चाहती है और मैं बस हर बार इसे करना चाहता हूं। लेकिन जाहिर है, हर बार ऐसा करना आसान नहीं होता, लेकिन मुझे लगता है कि यह सब मानसिक भी है और आपके ड्रेसिंग रूम के आस-पास का माहौल भी। पहली गेंद पर एक और छक्का मारने पर उन्होंने कहा कि मैं यह नहीं कहूंगा कि मैं पहली गेंद से ही ऐसा करना चाहता हूं। पहले मैं गेंदबाज के बारे में सोचता हूं कि अगर वह मुझे पहली गेंद पर आउट करना चाहता है, तो वह मुझे क्या गेंद फेंक सकता है और यह हमेशा मेरे दिमाग में रहता है और मैं बस उस गेंद पर खेलना चाहता हूं।
20 गेंद पर 68 बनाकर नाबाद लौटे अभिषेक
अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में महज 20 गेंदों पर 68 रनों की तूफानी पारी खेली। उनकी इस पारी में 7 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के भी शामिल थे। अभिषेक शर्मा की इस तूफानी बैटिंग के दम पर भारत ने 154 रनों का टारगेट महज 10 ओवर में चेज कर लिया। मैच खत्म होने के बाद युवराज ने भी अभिषेक के लिए एक मजेदार ट्वीट किया। युवराज सिंह ने भी तारीफ करते हुए लिखा अभी भी 12 गेंदों में 50 रन नहीं बना पाए, है ना? बहुत बढ़िया खेले - ऐसे ही अच्छा खेलते रहो! अभिषेक शर्मा'
यह भी पढ़ें
टीम इंडिया ने चकनाचूर किया वेस्टइंडीज का वर्ल्ड रिकॉर्ड, अभिषेक-सूर्या के दम पर रचा इतिहास