1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अजिंक्य रहाणे ने लगाया IPL 2023 का सबसे तेज अर्धशतक, इन बड़े-बड़े बल्लेबाजों को छोड़ा पीछे

अजिंक्य रहाणे ने लगाया IPL 2023 का सबसे तेज अर्धशतक, इन बड़े-बड़े बल्लेबाजों को छोड़ा पीछे

 Written By: Govind Singh
 Published : Apr 08, 2023 10:25 pm IST,  Updated : Apr 08, 2023 10:30 pm IST

मुंबई इंडियंस के खिलाफ अजिंक्य रहाणे ने कमाल की बल्लेबाजी की है। उन्होंने अपनी आतिशी बल्लेबाजी से सभी का दिल जीत लिया और आईपीएल 2023 की सबसे तेज फिफ्टी लगा दी है।

Ajinkya Rahane - India TV Hindi
Ajinkya Rahane Image Source : CSK TWITTER

CSK vs MI: IPL 2023 में इस चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस की टीम आमने-सामने हैं। इस मैच में सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो कि बिल्कुल सही साबित हुआ। इस मैच में सीएसके के गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया। इसके बाद बल्लेबाजों ने दम दिखाया। अजिंक्य रहाणे ने मुंबई इंडियंस  के खिलाफ कमाल की बल्लेबाजी की। उन्होंने अपनी धमाकेदार बैटिंग से सभी का दिल जीत लिया। इस मैच में उन्होंने सीएसके के लिए आईपीएल डेब्यू किया था। 

अजिंक्य रहाणे ने किया कमाल 

अजिंक्य रहाणे चेन्नई सुपर किंग्स के लिए तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। उन्होंने मैदान के हर तरफ स्ट्रोक लगाए और बेहतरीन बल्लेबाजी का नमूना पेश किया। धमाकेदार पारी खेलने के साथ ही उन्होंने आईपीएल 2023 की सबसे तेज फिफ्टी भी लगा दी। उन्होंने अर्धशतक लगाने के लिए सिर्फ 19 गेंदें खेली। वहीं, इससे पहले आईपीएल 2023 में जोस बटलर और शार्दुल ठाकुर ने 20 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। काइल मेयर्स ने 21 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। रहाणे ने इन दिग्गज बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने मैच में 27 गेंदों में 61 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और तीन लंबे छक्के लगाए। 

साल 2008 से खेल रहे आईपीएल 

अजिंक्य रहाणे साल 2008 से ही आईपीएल में खेल रहे हैं। उन्होंने आईपीएल में मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स, केकेआर, दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेला है। उन्होंने अब तक आईपीएल के 158 मैचों में 40274 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 28 अर्धशतक शामिल हैं। उनके पास वह काबिलियत है कि वो किसी भी गेंदबाजी आक्रामण की धज्जियां उड़ा सकें। वह टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। ऐसे में अच्छा प्रदर्शन कर वह टीम इंडिया में वापसी करना चाहेंगे। 

मुंबई ने बनाए 157 रन

मुंबई इंडियंस ने सीएसके को जीतने के लिए 158 रनों का टारगेट दिया है। मुंबई की तरफ से रोहित शर्मा ने 21 रन बनाए। मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा 32 रन ईशान किशन ने बनाए। कैमरून ग्रीन ने 12 रनों का योगदान दिया। सूर्यकुमार यादव ने 1 रन, तिलक वर्मा ने 22 रन बनाए। अरशद खान ने 2 रनों का योगदान दिया। टिम डेविड ने 31 रन बनाए। सीएसके के लिए सबसे ज्यादा विकेट रवींद्र जडेजा ने हासिल किए। उन्होंने तीन विकेट चटकाए। मिचेल सेंटनर ने 2 विकेट हासिल किए। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल