1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. युजवेंद्र चहल का महाकीर्तिमान टूटने की कगार पर, ये खिलाड़ी रचेगा नया इतिहास

युजवेंद्र चहल का महाकीर्तिमान टूटने की कगार पर, ये खिलाड़ी रचेगा नया इतिहास

 Published : Jan 21, 2025 04:06 pm IST,  Updated : Jan 21, 2025 04:11 pm IST

युजवेंद्र चहल का एक बड़ा कीर्तिमान भारत बनाम इंग्लैंड सीरीज के दौरान टूट जाएगा। उम्मीद है कि पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में ही अर्शदीप सिंह उनसे आगे निकल जाएंगे।

Yuzvendra Chahal- India TV Hindi
युजवेंद्र चहल Image Source : GETTY

IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच जब 22 जनवरी को पहला टी20 इंटरनेशनल मैच खेला जाएगा तो चर्चा में युजवेंद्र चहल भी होंगे। युजवेंद्र चहल इस सीरीज का हिस्सा नहीं है, लेकिन उनका बनाया हुआ एक महारिकॉर्ड ध्वस्त होने की कगार पर है। उम्मीद है कि पहले ही मैच में ये ​टूट जाएगा। ये रिकॉर्ड कोई और नहीं, बल्कि टीम इंडिया के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह तोड़ सकते हैं, जो उनके सबसे करीब खड़े नजर आ रहे हैं।

टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज हैं चहल 

टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का काम युजवेंद्र चहल ने किया है। उन्होंने टी20 इंटरनेशनल मैच खेलकर 96 विकेट अपने नाम किए हैं। हालांकि पिछले लंबे वक्त से उन्हें भुला दिया गया है और अब वे टीम के साथ नहीं हैं। अगर वे खेलते रहते तो शायद भारत के लिए 100 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन सकते थे। लेकिन अब उनका रिकॉर्ड अर्शदीप सिंह तोड़ देंगे।

अर्शदीप को रिकॉर्ड तोड़ने के लिए चाहिए केवल 2 और विकेट 

अर्शदीप सिंह ने अब तक भारत के लिए 60 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और इस दौरान वे 95 विकेट ले चुके हैं। यानी अर्शदीप एक विकेट लेते ही चहल की बराबरी कर लेंगे और जैसे ही उनके खाते में दो विकेट आएंगे, वे पहले नंबर पर पहुंच जाएंगे। इसके बाद उनके निशाने पर 100 विकेट भी होंगे।

अर्शदीप 100 विकेट भी पूरे कर सकते हैं 

भारत और इंग्लैंड के बीच की ये सीरीज पांच मैचों की है और उम्मीद की जा रही है कि अर्शदीप सिंह सारे मैच खेलेंगे। यानी उनके पास ना केवल युजवेंद्र चहल का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है, बल्कि वे 100 विकेट भी बड़ी आसानी से पूरे कर सकते हैं। 

हार्दिक पांड्या कर सकते हैं जसप्रीत बुमराह को पीछे 

इस बीच हार्दिक पांड्या के पास मौका होगा कि वे जसप्रीत ​बुमराह को पीछे छोड़ें, क्योंकि दोनों के विकेट टी20 इंटरनेशनल में इस वक्त बराबर हैं। जहां एक ओर जसप्रीत बुमराह ने केवल 70 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलकर 89 विकेट लिए हैं, वहीं हार्दिक पांड्या को 89 विकेट लेने के लिए 109 मैच लगे हैं। एक और विकेट लेते ही हार्दिक जसप्रीत बुमराह से आगे निकल जाएंगे। बुमराह इस सीरीज का हिस्सा नहीं हैं और हार्दिक पांड्या खेलते हुए दिखाई देंगे। इसलिए उनके पास शानदार मौका होगा।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल