Asia Cup 2022: एशिया कप 2022 के शुरू होने में अब कुछ ही दिन का समय बाकी है। यूएई में आयोजित होने वाले इस अहम टूर्नामेंट में गत विजेता भारत अपना खिताब बचाने उतरेगा। भारत ने टी20 फॉर्मेट में 2016 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में खिताब पर कब्जा किया था जबकि रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2020 में वनडे फॉर्मेट में जीत दर्ज की थी। ऐसे में रोहित अपनी अगुआई में पहली बार टी20 का खिताब जीतना चाहेंगे।
गौरतलब है कि भारत अब तक कुल सात बार एशिया कप का खिताब जीत चुका है। रोहित शर्मा की नजरें जहां एक तरफ टीम इंडिया को 8वीं बार चैंपियन बनाने पर होंगी तो वहीं वह सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ने की कोशिश करेंगे। रोहित अगर आगामी एशिया कप में 89 रन और बना लेते हैं तो वह इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में सचिन से आगे निकल जाएंगे और साथ ही प्रतियोगिता में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी भी बन जाएंगे।
सचिन ने इस टूर्नामेंट में खेले 23 मैचों की 21 पारियों में 51.10 की औसत से 971 रन बनाए हैं, जबकि रोहित शर्मा के नाम 27 मैचों की 26 पारियों में 42.04 की औसत के साथ 883 रन दर्ज हैं। यानी सचिन और रोहित के बीच सिर्फ 88 रन का फासला है। सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की सूची में विराट कोहली तीसरे स्थान पर हैं। कोहली ने इस टूर्नामेंट में अभी तक 16 मुकाबलों में 63.83 की शानदार औसत से 766 रन बनाए हैं।
एशिया कप में ओवरऑल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी की बात करें तो यह रिकॉर्ड श्रीलंका के सनथ जयसूर्या के नाम है। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 25 मैचों में 1220 रन बनाए हैं, वहीं उन्हीं के देश के पूर्व कप्तान कुमार संगाकारा 1075 रन के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। जबकि सचिन इस सूची में तीसरे पायदान पर हैं।
संपादक की पसंद