1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इंग्लैंड जाएंगे भारतीय गेंदबाज आकिब नबी, सरे के लिए खेलेंगे काउंटी क्रिकेट, न्यूजीलैंड टूर पर टिकी हैं निगाहें

इंग्लैंड जाएंगे भारतीय गेंदबाज आकिब नबी, सरे के लिए खेलेंगे काउंटी क्रिकेट, न्यूजीलैंड टूर पर टिकी हैं निगाहें

 Written By: Vanson Soral
 Published : Aug 30, 2026 03:40 pm IST,  Updated : Aug 30, 2026 03:41 pm IST

जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी अगले हफ्ते से सरे के लिए काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन वन के तीन मैच खेलने वाले हैं। उनकी नजर नवंबर में भारत के न्यूजीलैंड दौरे पर होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज पर है।

Aquib Nabi- India TV Hindi
आकिब नबी Image Source : PTI

जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी के लिए यह साल किसी सपने के सच होने जैसा रहा है। रणजी ट्रॉफी जीतने से लेकर IPL में डेब्यू और फिर भारतीय टेस्ट टीम तक पहुंचने वाले नबी अब इंग्लैंड में अपनी गेंदबाजी का दम दिखाने के लिए तैयार हैं। भारत के नवंबर में होने वाले न्यूजीलैंड दौरे को ध्यान में रखते हुए वह सरे के लिए काउंटी चैंपियनशिप के मुकाबले खेलेंगे।

आकिब नबी अगले सप्ताह से सरे की ओर से काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन वन के तीन मैचों में हिस्सा लेने वाले हैं। उन्हें शनिवार को जरूरी वर्क वीजा की मंजूरी मिल गई, जिसके बाद वह पहली उपलब्ध फ्लाइट से इंग्लैंड रवाना हो गए। उम्मीद है कि वह 2 सितंबर को द ओवल में यॉर्कशायर के खिलाफ होने वाले मुकाबले से अपना काउंटी डेब्यू करेंगे।

नबी का बिजी शेड्यूल

ESPNCricinfo की रिपोर्ट के मुताबिक, नबी को सितंबर 22 से पुडुचेरी में शुरू होने वाले ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ भारत ए के चार दिवसीय मैचों के लिए समय पर स्वदेश लौटना है। वहीं, जम्मू-कश्मीर की टीम के सिलेक्टर्स ईरानी कप को लेकर नेशनल सिलेक्टर्स के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। एक अक्टूबर से श्रीनगर में शुरू होने वाला ईरानी कप भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के दूसरे मैच से टकरा रहा है। ऐसे में नबी दोनों में से किसी एक टीम के लिए खेल सकते हैं।

आकिब नबी को इस महीने की शुरुआत में श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में देर से शामिल किया गया था। जसप्रीत बुमराह को BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से फिटनेस क्लीयरेंस नहीं मिलने के बाद नबी को मौका मिला। हालांकि, दोनों टेस्ट में भारत ने केवल दो विशेषज्ञ तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को उतारा, जिसके कारण नबी को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिल सकी।

न्यूजीलैंड दौरे पर निगाहें

अब नवंबर में न्यूजीलैंड में होने वाले दोनों टेस्ट शुरुआती समर के दौरान खेले जाएंगे। वहां की परिस्थितियों को देखते हुए टीम मैनेजमेंट और सिलेक्टर्स का मानना है कि नबी के लिए इंग्लैंड की परिस्थितियों में खेलना फायदेमंद साबित होगा। नबी का घरेलू क्रिकेट में पिछला सीजन शानदार रहा है। मार्च में वह जम्मू-कश्मीर की ऐतिहासिक पहली रणजी ट्रॉफी जीत का हिस्सा बने और पूरे सीजन में 60 विकेट झटके। फाइनल में भी उन्होंने पांच विकेट लिए थे। इसके बाद IPL में कई साल तक अनसोल्ड रहने के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 8.4 करोड़ रुपये में खरीदा। हालांकि, पांच मैचों में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।

यह भी पढ़ें:

CPL इतिहास में पहली बार, ड्वेन ब्रावो की नंबर 47 जर्सी हुई रिटायर, ट्रिनबैगो नाइट राइडर्स ने दिया स्पेशल सम्मान

वैभव सूर्यवंशी को बीच मैच में मिली कप्तानी, ईस्ट जोन के कप्तान चोटिल होकर मैदान से गए बाहर

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल