Team India Winning Streak Ends: ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टी-20 मैच में भारत को 4 विकेट से मात दी। इस जीत के साथ ही कंगारू टीम इस सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाने में कामयाब रही। इस हार के साथ ही टीम इंडिया का T20Is में लगातार 10 मैच का विनिंग स्ट्रीक टूट गया। इससे पहले टीम इंडिया ने टी-20 इंटरनेशनल में लगातार 10 मैच जीते थे लेकिन 11वें मैच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया की इस जीत में सबसे अहम भूमिका जोश हेजलवुड की रही, उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में 13 रन खर्च करके 3 विकेट अपने नाम किए।
टीम इंडिया को 17 साल बाद मिली हार
इसके साथ ही टीम इंडिया को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में 17 साल के बाद T20Is में हार का सामना करना पड़ा है। इससे पहले भारत मेलबर्न में आखिरी बार 2008 में टी-20 मैच हारा था। इस मैदान पर सबसे छोटे फॉर्मेट में टीम इंडिया का रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है। यहां भारत ने अब तक 7 मैच खेले हैं, जहां उन्हें 4 मैचों में जीत मिली है और दो में हार का सामना करना पड़ा। वहीं एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला था। टीम इंडिया ने इस मैदान पर ऑस्ट्रेलिया को दो बार और पाकिस्तान और जिम्बाब्वे को एक-एक बार हराया है।
टूट गया कप्तान सूर्या का विनिंग स्ट्रीक
इसके साथ ही टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव का भी लगातार 9 मैचों का विनिंग स्ट्रीक टूट गया। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने लगातार 9 मैचों में जीत दर्ज की है और अब 10वें मैच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। भारत के लिए कप्तान के तौर पर लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है। रोहित की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2019-2022 तक लगातार 14 मैच जीते थे। उनके ही कप्तानी में टीम इंडिया ने 2024 में 11 मैच अपने नाम किए थे।
IND vs AUS: दूसरे टी-20 मैच का हाल
दूसरे टी-20 मैच में ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजों के सामने भारत के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए। इसी वजह से भारतीय टीम इस मैच में 125 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से अभिषेक शर्मा और हर्षित राणा ही दो ऐसे बल्लेबाज रहे, जिन्होंने डबल डिजिट स्कोर में रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 13.2 ओवर में 6 विकेट खोकर 126 रन बनाकर आसानी से जीत हासिल की। ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान मिचेल मार्श ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए। भारत के लिए वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह और कुलदीप ने 2-2 विकेट चटकाए। आपको बता दें कि सीरीज का पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था।
यह भी पढ़ें
सूर्यकुमार यादव के लिए बुरा सपना साबित हो रहा है साल 2025, सातवीं बार देखना पड़ा ऐसा दिन
IND vs AUS: दूसरे टी-20 मैच में भारत को मिली करारी हार, ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट से जीता मुकाबला