1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. T20 वर्ल्ड कप से पहले ऑस्ट्रेलिया को मिली सबसे बड़ी हार, पाकिस्तान में सूपड़ा हुआ साफ

T20 वर्ल्ड कप से पहले ऑस्ट्रेलिया को मिली सबसे बड़ी हार, पाकिस्तान में सूपड़ा हुआ साफ

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Feb 02, 2026 11:52 am IST,  Updated : Feb 02, 2026 11:52 am IST

T20 वर्ल्ड कप से पहले ऑस्ट्रेलिया को शर्मनाक हार का का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया की टीम पाकिस्तान दौरे पर T20I सीरीज के तीनों मैच हार गई।

Australia - India TV Hindi
पाकिस्तान बनाम ऑस्ट्रेलिया Image Source : AFP

T20 वर्ल्ड कप 2026 का 7 फरवरी से आगाज होगा। इस टूर्नामेंट से पहले ऑस्ट्रेलिया को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलियन टीम को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए मैच में पाकिस्तान के हाथों 111 रनों से बड़ी हार का मुंह देखना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया की T20I क्रिकेट में यह अब तक की सबसे बड़ी हार है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया को अपनी सबसे बड़ी हार साल 2005 में इंग्लैंड के हाथों मिली थी। उस मैच में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 100 रनों से मात दी थी। अब लगभग 25 सालों के बाद ऑस्ट्रेलिया ने हार का नया शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

तीनों मैचों में मिली हार

दरअसल, पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 207 रनों बड़ा स्कोर खड़ा किया। पाकिस्तान को इस स्कोर तक पहुंचाने में बाबर आजम का अहम रोल रहा। उन्होंने 36 गेंदों पर 50 रनों की पारी खेली और नाबाद लौटे। वहीं, सैम अयूब ने 56 रनों का योगदान दिया। शादाब खान ने 19 गेंदों पर ताबड़तोड़ 46 रनों की पारी खेली, जिसमें 5 छक्के और 2 चौके जड़े। पाकिस्तान के विशाल स्कोर का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम एक बार फिर लड़खड़ा गई और पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई। ऑस्ट्रेलिया की टीम 16.5 ओवरों में महज 96 रनों पर ढेर हो गई। इस तरह पाकिस्तान ने 111 रनों से मैच अपने नाम करते हुए 3-0 से सीरीज अपने नाम कर ली।

सबसे बड़ी हार का चखा स्वाद

T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले ऑस्ट्रेलिया की टीम अपनी तैयारियों को मजबूत करने के इरादे से पाकिस्तान दौरे पर आई थी, लेकिन यहां उसे तीनों मैचों करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। पहले ही मैच में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 22 रनों से हराया। इसके बाद दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया को 90 रनों से हार का मुंह देखना पड़ा। ये उस वक्त T20I क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया की दूसरी सबसे बड़ी हार थी। इसके बाद T20I सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच में ऑस्ट्रेलिया से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन हुआ बिल्कुल उलटा। ऑस्ट्रेलिया को इतनी बुरी हार मिली, जिसने सबसे बड़ी हार का नया रिकॉर्ड ही बना डाला। 

T20I क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी हार

  • पाकिस्तान - 111, लाहौर (2026)
  • इंग्लैंड - 100, साउथैम्पटन (2005)
  • पाकिस्तान - 90, लाहौर (2026)
  • न्यूजीलैंड - 89, सिडनी (2022)
  • वेस्टइंडीज - 74, कोलंबो (2012)
  • भारत - 73, मीरपुर (2014)

गौरतलब है कि T20I क्रिकेट में यह दूसरी बार है जब पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया का 3 मैचों की सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया है। इससे पहले पाकिस्तान ने साल 2018 में UAE में खेली गई सीरीज में पहली बार ऑस्ट्रेलिया का 3-0 से सूपड़ा साफ किया था। बता दें, पाकिस्तान ने अपने घर में पहली बार ऑस्ट्रेलिया को 3-0 से हराने का कारनामा किया है।

यह भी पढ़ें:

IND vs PAK: पाकिस्तान पीछे हटा, लेकिन टीम इंडिया निभाएगी पूरी जिम्मेदारी, करेगी ये सारे बड़े काम

हम कुछ नहीं कर सकते…’ भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने पर पाकिस्तानी कप्तान ने दिया बड़ा बयान

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल