ऑस्ट्रेलिया की टीम अभी बांग्लादेश के दौरे पर है जहां पर उन्होंने पहले तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जिसमें उनको 2-1 से हार का सामना करना पड़ा। अब कंगारू टीम तीन मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है और उसका दूसरा मुकाबला 19 जून को चट्टोग्राम के स्टेडियम में खेला गया जिसको ऑस्ट्रेलियाई टीम 7 रनों से अपने नाम करने में कामयाब रही और इस सीरीज में 2-0 की बढ़त भी ले ली। इस मुकाबले को जीतने के साथ ऑस्ट्रेलिया पहली बार बांग्लादेश में टी20 सीरीज जीतने में कामयाब हो सकी है। इससे पहले पिछली बार उन्होंने यहां पर साल 2021 में टी20 सीरीज खेली थी जिसमें उनको 4-1 से हार का सामना करना पड़ा था।
मैट रेनशॉ और टिम डेविड के बल्ले का दिखा कमाल
चट्टोग्राम के स्टेडियम में खेले गए टी20 सीरीज के इस दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन उनकी शुरुआत अच्छी नहीं रही और शुरुआती तीन विकेट सिर्फ 44 के स्कोर तक गंवा दिए थे। वहीं इसके बाद मैट रेनशॉ और टिम डेविड ने ऑस्ट्रेलियाई पारी को संभालने के साथ आक्रामक तरीके से रन बनाए जिसमें दोनों के बीच में चौथे विकेट के लिए 50 गेंदों में 97 रनों की साझेदारी देखने को मिली। टिम डेविड इस मुकाबले में 26 गेंदों में 45 रनों की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौटे तो वहीं मैट रेनशॉ अंत तक नाबाद रहते हुए 52 गेंदों में 89 रनों की पारी खेलने में कामयाब रहे, जिसके दम पर ऑस्ट्रेलियाई टीम 20 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर 196 रनों के स्कोर तक पहुंच सकी। बांग्लादेश की तरफ से गेंदबाजी में नसुम अहमद ने सबसे ज्यादा 2 विकेट हासिल किए।
गेंदबाजी में भी रेनशॉ ने दिखाया कमाल, बांग्लादेश को मिली करीबी हार
दूसरे टी20 मैच में 197 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी बांग्लादेश टीम की तरफ से शुरुआत अच्छी देखने को मिली जिसमें उन्होंने अपना पहला विकेट 48 के स्कोर पर गंवाया। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे सैफ हसन ने एक छोर को संभालने के साथ 42 रनों की पारी खेली, लेकिन 134 के स्कोर पर उनके पवेलियन लौटने के साथ बांग्लादेश की टीम इस मैच में रन गति के दबाव में दिखी जिसमें आखिरी ओवर में उन्हें जीत हासिल करने के लिए 23 रन बनाने थे लेकिन वह सिर्फ 15 रन ही बनाने में कामयाब हो सके और इस मैच में उनको 7 रनों से हार का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से गेंदबाजी में आरोन हार्डी ने 2 विकेट हासिल किए तो वहीं इसके अलावा रेनशॉ का कमाल गेंद से भी देखने को मिला जिन्होंने 2 ओवर्स की गेंदबाजी में 13 रन देने के साथ एक विकेट भी अपने नाम किया।
ये भी पढ़ें
फाइनल मुकाबले में भारतीय-ए टीम का होगा श्रीलंका से सामना, वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी सभी की नजरें