ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले को रोमांचक तरीके से एक विकेट से अपने नाम करने के साथ सीरीज में अपनी लाज बचाने में कामयाब रहे हैं। इस वनडे सीरीज के शुरुआती दोनों मुकाबलों को बांग्लादेश की टीम अपने नाम करने के साथ सीरीज में पहले ही 2-0 की अजेय बढ़त बना रखी थी, जिसके बाद तीसरे वनडे में उनकी नजरें क्लीन स्वीप पर टिकी हुई थी। इस मैच में बांग्लादेश की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर्स में 274 रनों का स्कोर बनाया था, जिसका पीछा ऑस्ट्रेलियाई टीम ने तीन गेंद पहले 9 विकेट के नुकसान पर किया। ऑस्ट्रेलिया को मुकाबले में जीत दिलाने में कूपर कोनोली ने बल्ले से अहम भूमिका निभाई जिसमें वह 149 रनों की पारी खेलने में कामयाब रहे।
कोनोली ने जड़ा वनडे में अपना पहला शतक, बने स्पेशल लिस्ट का हिस्सा
कूपर कोनोली ने बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले में जहां अपना पहला शतक जड़ा तो वहीं वह एक स्पेशल लिस्ट का भी हिस्सा बन गए। कोनोली अब वनडे क्रिकेट इतिहास में सिर्फ 5वें ऐसे खिलाड़ी हैं जो 149 के स्कोर पर आउट हुए हैं। कोनोली ने इस मैच में 134 गेंदों का सामना किया जिसमें वह 13 चौके और 6 छक्के लगाने में कामयाब हुए थे। ऑस्ट्रेलियाई टीम टारगेट का पीछा करते हुए जहां लगातार अंतराल में अपने विकेट गंवा रही थी तो वहीं कूपर कोनोली एक छोर संभाले लगातार टीम को जीत की तरफ लेकर जाने का काम कर रहे थे। हालांकि कोनोली जब 149 रन बनाकर आउट हुए तो उसके बाद ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए चार रन और बनाने थे, जिसमें एडम जम्पा ने चौका लगाने के साथ टीम को शानदार जीत दिलाई।
वनडे में 149 के स्कोर पर आउट होने वाले खिलाड़ी
- विवियन रिचर्ड्स (वेस्टइंडीज)
- एडम गिलक्रिस्ट (ऑस्ट्रेलिया)
- एबी डिविलियर्स (साउथ अफ्रीका)
- स्टीव स्मिथ (ऑस्ट्रेलिया)
- कूपर कोनोली (ऑस्ट्रेलिया)
बांग्लादेश की तरफ से गेंदबाजी में दिखा शोरिफुल इस्लाम का कमाल
इस वनडे सीरीज में बांग्लादेश के कई खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जिसमें तीसरे मुकाबले में शोरिफुल इस्लाम ने अपने गेंदबाजी प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। शोरिफुल ने इस मैच में अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 48 रन देकर 6 विकेट हासिल किए, इसके अलावा तस्कीन, मुस्तफिजुर और मेहदी ने 1-1 विकेट हासिल किया। अब दोनों टीमों के बीच में 17 जून से तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी जिसमें सभी मैच चट्टोग्राम के स्टेडियम में खेले जाएंगे।
ये भी पढ़ें
स्मृति और हरमनप्रीत की जोड़ी ने बनाया ऐतिहासिक कीर्तिमान, पाकिस्तान के खिलाफ की सबसे बड़ी पार्टनरशिप
शैफाली वर्मा ने छक्का लगाकर रचा इतिहास, टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार हुआ गजब कारनामा