1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रोहित शर्मा से छिना T20I में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का ताज, करणबीर सिंह ने सिर्फ 60 मैचों में छोड़ा पीछे

रोहित शर्मा से छिना T20I में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का ताज, करणबीर सिंह ने सिर्फ 60 मैचों में छोड़ा पीछे

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Jul 03, 2026 10:14 am IST,  Updated : Jul 03, 2026 10:14 am IST

टी20 इंटरनेशनल में लंबे समय तक सबसे ज्यादा छक्के लगाने की मामले में नंबर-1 की कुर्सी पर काबिज रहने वाले टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को अब ऑस्ट्रिया के कप्तान करणबीर सिंह ने सिर्फ 60 मैचों में ही पीछे छोड़ दिया है।

Rohit Sharma And Karanbir Singh- India TV Hindi
रोहित शर्मा और करणबीर सिंह Image Source : AP/INSTAGRAM-KARANBIR SINGH

ऑस्ट्रिया क्रिकेट टीम के कप्तान करणबीर सिंह ने हंगरी के खिलाफ 28 जून को खेले गए टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में सिर्फ 57 गेंदों में 164 रनों की पारी खेलने के साथ एक बड़ी उपलब्धि भी अपने नाम कर ली। करणबीर सिंह ने अपनी इस पारी के दौरान जहां 18 चौके लगाए तो वहीं 12 छक्के भी लगाने में वह कामयाब रहे। इसी के साथ अब करणबीर सिंह टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में नंबर-1 की कुर्सी पर काबिज हो गए हैं, जिसमें उन्होंने टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है। रोहित जिन्होंने साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में जीत हासिल करने के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में इस फॉर्मेट को अलविदा कह दिया था उनके नाम कुल 205 छक्के दर्ज हैं। वहीं अब करणबीर सिंह ने रोहित को इस लिस्ट में पीछे छोड़ने के साथ कुल 207 छक्कों के साथ पहले नंबर की कुर्सी पर काबिज हैं।

करणबीर सिंह ने सिर्फ 60 मैचों में किया ये कारनामा

रोहित शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल में कुल 159 मुकाबलों में खेलते हुए 151 पारियों में बल्लेबाजी की थी, जिसमें उनके नाम पर जहां 32.05 के औसत से जहां 4231 रन दर्ज हैं तो वह 200 या उससे अधिक छक्के लगाने वाले पहले खिलाड़ी भी बने थे। ऑस्ट्रिया के कप्तान करणबीर सिंह ने रोहित शर्मा को सिर्फ 60 टी20 इंटरनेशनल मैचों में पीछे छोड़ने दिया है जिसमें उन्होंने 59 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 48.71 के औसत से जहां 2533 रन बनाए हैं तो वहीं वह 207 छक्के भी लगाने में कामयाब हुए हैं। करणबीर सिंह अब तक टी20 इंटरनेशनल में 4 शतकीय और 20 अर्धशतकीय पारियां भी खेल चुके हैं।

टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी

  • करणबीर सिंह (ऑस्ट्रिया) - 207 छक्के
  • रोहित शर्मा (भारत) - 205 छक्के
  • मुहम्मद वसीम (यूएई) - 196 छक्के
  • सूर्यकुमार यादव (भारत) - 179 छक्के
  • जोस बटलर (इंग्लैंड) - 175 छक्के

ऑस्ट्रिया ने बनाया टी20 इंटरनेशनल में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर

हंगरी के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रिया की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 7 विकेट के नुकसान पर 322 रनों का स्कोर बनाया था, जिसमें उनकी तरफ से कप्तान करणबीर सिंह ने जहां 164 रनों की पारी खेली तो वहीं इसके अलावा अबिदुल्लाह कोटवा ने सिर्फ 26 गेंदों में 93 रनों की पारी खेली। इसी के साथ ऑस्ट्रिया अब टी20 इंटरनेशनल में अब तक का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब हो गई। इस लिस्ट में 344 रनों के स्कोर के साथ जिम्बाब्वे की टीम है जिन्होंने साल 2024 में गाम्बिया के खिलाफ ये कारनामा किया था।

ये भी पढ़ें

संजू सैमसन क्यों हो रहे लगातार फेल? इरफान पठान ने बताई बैटिंग में बड़ी कमजोरी

भारत और श्रीलंका के बीच होगी टेस्ट सीरीज, नोट कीजिए पूरा शेड्यूल

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल