Monday, February 02, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 18 साल के खिलाड़ी ने शतक जड़कर तोड़ा रोहित शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड, कर डाला ऐतिहासिक करिश्मा

18 साल के खिलाड़ी ने शतक जड़कर तोड़ा रोहित शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड, कर डाला ऐतिहासिक करिश्मा

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में मुंबई के लिए आयुष महात्रे ने शानदार बल्लेबाजी की है और शतक लगाकर टीम की जीत में अहम रोल प्ले किया है।

Written By: Govind Singh @GovindS48617417
Published : Nov 28, 2025 08:22 pm IST, Updated : Nov 29, 2025 12:01 am IST
ayush mhatre- India TV Hindi
Image Source : PTI आयुष महात्रे

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में 18 साल के युवा बल्लेबाज आयुष महात्रे ने धमाकेदार बल्लेबाजी का नमूना पेश किया। मुंबई की तरफ से खेलते हुए विदर्भ के खिलाफ उन्होंने शानदार शतक लगाया और विरोधी गेंदबाजों की जमकर बखिया उधेड़ी। वह टीम के लिए ओपनिंग करने उतरे और पारी की शुरुआत से ही ताबड़तोड़ बैटिंग की। मुंबई को मैच जिताकर वह टीम के लिए सबसे बड़े मैच विनकर बनकर उभरे हैं। विदर्भ ने पहले बैटिंग करते हुए 192 रन बनाए। इसके बाद आयुष की वजह से ही मुंबई ने टारगेट आसानी से हासिल कर लिया।

रोहित शर्मा के रिकॉर्ड को किया ध्वस्त

विदर्भ के खिलाफ मैच में आयुष महात्रे ने 53 गेंदों में कुल 110 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। उनके आगे विदर्भ के गेंदबाज बुरी तरह से फ्लॉप नजर आए। आयुष फर्स्ट क्लास, लिस्ट-ए और टी20 तीनों फॉर्मेट में शतक जड़ने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए। उन्होंने रोहित शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त किया है। आयुष इस समय 18 साल 135 के दिन हैं और उनके नाम पर फर्स्ट क्लास, लिस्ट-ए और टी20 तीनों ही शतक दर्ज हैं। वहीं रोहित ने जब इन तीनों फॉर्मेट में शतक लगा लिया था, तब वह 19 साल 339 दिन के थे।

फर्स्ट क्लास, लिस्ट-ए और टी20 में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज:

बल्लेबाज उम्र
आयुष महात्रे 18 साल 135 दिन
रोहित शर्मा 19 साल 339 दिन
उन्मुक्त चंद 20 साल जीरो दिन
क्विंटन डि कॉक 20 साल 62 दिन
अहमद शहजाद 20 साल 97 दिन

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में ऐसा रहा है आयुष महात्रे का करियर

आयुष महात्रे ने अभी तक 13 फर्स्ट क्लास मैचों में कुल 660 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और दो अर्धशतक दर्ज हैं। इसके अलावा 7 लिस्ट-ए मैचों में उन्होंने 458 रन ठोके हैं। लिस्ट-ए में आयुष ने दो शतक और एक अर्धशतक लगाया है। इसके अलावा टी20 क्रिकेट में उन्होंने एक शतक सहित 368 रन बनाए हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए दिखा चुके हैं अपना जलवा

आयुष महात्रे आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेलते हैं और आईपीएल 2025 में वह सभी को प्रभावित करने में सफल रहे। उन्होंने CSK की टीम के लिए 7 मैचों में कुल 240 रन बनाए हैं। इसमें एक 94 रनों की पारी भी शामिल है।

यह भी पढ़ें:

टीम इंडिया से बाहर चल रहे खिलाड़ी ने ध्वस्त किया सूर्यकुमार का कीर्तिमान, नंबर-1 की पोजीशन पर पहुंचा

रोहित शर्मा का साउथ अफ्रीका के खिलाफ ऐसा है रिकॉर्ड, ठोक चुके इतने रन; 3 सेंचुरी शामिल

Latest Cricket News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement