1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तान के सामने बड़ी टेंशन, इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट से बाहर हो सकते हैं बाबर आजम

पाकिस्तान के सामने बड़ी टेंशन, इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट से बाहर हो सकते हैं बाबर आजम

 Written By: Vanson Soral
 Published : Aug 17, 2026 09:35 pm IST,  Updated : Aug 17, 2026 09:35 pm IST

इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम के खेलने पर संशय बना हुआ है। वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में दाहिने हाथ की उंगली में चोट लगने के बाद अभ्यास मैच में भी उनके हाथ पर गेंद लगी थी।

Babar Azam- India TV Hindi
सरफराज और बाबर आजम Image Source : AP

पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले बाबर आजम की फिटनेस ने टीम की मुश्किल बढ़ा दी है। उंगली की चोट से जूझ रहे बाबर का पहले टेस्ट में खेलना अभी तय नहीं है। पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट मेडिकल पैनल की मंजूरी का इंतजार कर रहा है और मैच के दिन ही उनकी उपलब्धता पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।

बाबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में बल्लेबाजी के दौरान दाहिने हाथ पर चोट लगी थी। इसके बाद इंग्लैंड में प्रोफेशनल काउंटी क्लब सेलेक्ट XI के खिलाफ अभ्यास मैच में भी उनके हाथ पर गेंद लगी। चोट के बाद बाबर रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए और मुकाबले में दोबारा बल्लेबाजी नहीं की। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इसे एहतियाती कदम बताया था।

पाकिस्तान की टीम 16 अगस्त को लीड्स पहुंची और 17 अगस्त को हेडिंग्ले में सीरीज से पहले पहली बार अभ्यास किया। बाबर ने नेट्स में थोड़ी देर बल्लेबाजी जरूर की, लेकिन उनका सेशन ज्यादा लंबा नहीं रहा। हालांकि, इस दौरान उन्हें किसी खास परेशानी में नहीं देखा गया।

मैच के दिन होगा बाबर पर फैसला

पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास ने बताया कि बाबर को लेकर मेडिकल पैनल और सिलेक्शन कमेटी ने अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया है। उन्होंने कहा कि बाबर ने 17 अगस्त को कुछ थ्रोडाउन और बल्लेबाजी अभ्यास किया, लेकिन उनकी फिटनेस को लेकर मेडिकल सलाह को प्राथमिकता दी जाएगी।

ESPNCricinfo की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर बाबर पहले टेस्ट से बाहर होते हैं तो पाकिस्तान के मिडिल ऑर्डर में सऊद शकील और अवैस जफर दोनों को जगह मिल सकती है। शकील वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में नहीं खेले थे, जबकि जफर ने दूसरे टेस्ट में अपना डेब्यू किया था। शकील ने इंग्लैंड में हुए अभ्यास मैच में शतक लगाया था और वैसे भी उनके प्लेइंग इलेवन में शामिल होने की उम्मीद थी। ऐसे में बाबर की गैरमौजूदगी से जफर के लिए भी टीम में जगह बन सकती है।

शान मसूद को लेकर राहत की खबर

पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद को लेकर टीम को कुछ राहत मिली है। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में उंगली में फ्रैक्चर होने के बाद वह दूसरे टेस्ट से बाहर रहे थे। उन्होंने इंग्लैंड में अभ्यास मैच में भी हिस्सा नहीं लिया, लेकिन 17 अगस्त को नेट्स में लंबे समय तक बल्लेबाजी की। मोहम्मद अब्बास ने बताया कि शान ने पूरे अभ्यास सत्र में बल्लेबाजी की और काफी अच्छे नजर आए। हालांकि, उनकी फिटनेस पर भी अंतिम फैसला मेडिकल सलाह के आधार पर ही लिया जाएगा।

बाबर के बाहर होने की स्थिति में पाकिस्तान के सामने नेतृत्व का सवाल भी खड़ा हो सकता है। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज की शुरुआत में शान मसूद से कप्तानी संभाली थी। बाबर की गैरमौजूदगी में बेकेनहम अभ्यास मैच में पाकिस्तान की अगुआई T20 कप्तान सलमान अली आगा ने की थी, लेकिन उन्होंने अभी तक टेस्ट क्रिकेट में पाकिस्तान की कप्तानी नहीं की है। ऐसे में इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट से पहले पाकिस्तान के लिए बाबर की फिटनेस के साथ-साथ टीम कॉम्बिनेशन और नेतृत्व का फैसला भी अहम रहने वाला है।

यह भी पढ़ें:

निरोशन डिकवेला का अनचाहा वर्ल्ड रिकॉर्ड बरकरार, 12 साल से हो रहे शतक का इंतजार फिर बढ़ा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल