1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वनडे में 142 रन भी पड़े भारी, जिम्बाब्वे के गेंदबाजों के आगे बांग्लादेशी बल्लेबाजों ने टेके घुटने

वनडे में 142 रन भी पड़े भारी, जिम्बाब्वे के गेंदबाजों के आगे बांग्लादेशी बल्लेबाजों ने टेके घुटने

 Written By: Hitesh Jha @HiteshjhaL58268
 Published : Jul 07, 2026 07:31 am IST,  Updated : Jul 07, 2026 07:35 am IST

जिम्बाब्वे की टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ एक रोमांचक मैच में 25 रन से जीत दर्ज कर ली। इस मैच में जिम्बाब्वे के बॉलर्स ने 140 रन डिफेंड कर दिए। इसके साथ ही उन्होंने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की है।

Zimbabwe Cricket Team- India TV Hindi
जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम Image Source : AP

जिम्बाब्वे ने अपने तेज गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत बांग्लादेश को पहले वनडे मैच में 25 रन से हरा दिया है। इस लो स्कोरिंग मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे की टीम सिर्फ 141 रन पर सिमट गई थी। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज नाहिद राणा ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 21 रन देकर 6 विकेट चटकाए। यह वनडे क्रिकेट के इतिहास में किसी भी बांग्लादेशी बॉलर का अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है। लेकिन इसके जवाब में, हरारे की मुश्किल पिच पर बांग्लादेश के बल्लेबाज जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाजों का सामना नहीं कर पाए और पूरी टीम महज 116 रन पर आउट हो गई।

न्यूमैन न्यामहुरी ने जिम्बाब्वे के लिए बनाए सबसे ज्यादा रन

पहले बैटिंग करते हुए जिम्बाब्वे का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। टीम के पांच बल्लेबाजों ने दहाई का आंकड़ा पार किया। नौवें नंबर पर आए न्यूमैन न्यामहुरी ने सबसे ज्यादा 33 रन बनाए, अपनी इस पारी में उन्होंने पांच चौके लगाए। कप्तान और 10वें नंबर के बल्लेबाज रिचर्ड नागरावा ने तीन चौकों की मदद से 27 रन बनाए। तीसरे नंबर पर उतरे इनोसेंट काया ने 26 रन बनाए। जिम्बाब्वे का मिडिल ऑर्डर पूरी तरह से फ्लॉप रहा। क्रेग इर्विन (0), सिकंदर रजा (1), वेस्ली मधेवेरे (0), क्लाइव मडांडे (0) डबल डिजिट स्कोर नहीं बना सके।

बांग्लादेशी बल्लेबाजों भी रहे इस मैच में फ्लॉप

जवाब में बांग्लादेश के बल्लेबाज जिम्बाब्वे के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाए और पूरी टीम 116 रन पर ढेर हो गई। मेजबान टीम जिम्बाब्वे ने मैच में सिर्फ चार गेंदबाजों का इस्तेमाल किया और ये सभी तेज गेंदबाज थे। इन चारों ने मिलकर बांग्लादेश के सभी बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। बांग्लादेश के सिर्फ तीन बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। बांग्लादेश के लिए नुरुल हसन ने सबसे ज्यादा 31 रन बनाए, जबकि तौहिद हृदय ने 25 रनों का योगदान दिया।

रिचर्ड नागरावा और ब्रेड इवांस को मिले 3-3 विकेट

जिम्बाब्वे की तरफ से रिचर्ड नागरावा और ब्रेड इवांस ने 3-3 विकेट लिए। वहीं ब्लेसिंग मुजरबानी और न्यूमैन न्यामहुरी को 2-2 विकेट मिले। न्यामहुरी को उनके शानदार खेल के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया, क्योंकि उन्होंने गेंदबाजी और बल्लेबाजी के साथ-साथ फील्डिंग में भी कमाल दिखाया और दो कैच पकड़े। इस शानदार जीत के साथ ही कप्तान के रूप में नागरावा ने अपने सफर की शुरुआत जीत से की है।

यह भी पढ़ें

T20 WC 2026 की टीम ऑफ द टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड के खिलाड़ियों का दबदबा, सिर्फ 1 भारतीय को मिली जगह

जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान, संजू सैमसन की छुट्टी, वैभव सूर्यवंशी की जगह बरकरार

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल