इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले जो 17 जून से लंदन के केनिंग्टन ओवल के स्टेडियम में खेला जाएगा, उसको लेकर स्क्वाड का ऐलान करने के साथ कुछ बड़े बदलाव की घोषणा भी कर दी है। इंग्लैंड टेस्ट टीम के मौजूदा कप्तान बेन स्टोक्स और पहले मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करने वाले तेज गेंदबाज गस एटिंकसन को इस मैच से ईसीबी ने पहले मुकाबले के बाद हुए नाइट क्लब विवाद के बाद बाहर कर दिया है। ईसीबी की तरफ से दूसरे टेस्ट के लिए कार्यवाहक कप्तान के तौर पर टीम के अनुभवी खिलाड़ी जो रूट को ये जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नाइट क्लब में हुई हाथापाई घटना की जांच कर रहा ईसीबी
बेन स्टोक्स और गस एटिंकसन लॉर्ड्स टेस्ट के 7 जून को जल्दी खत्म होने के बाद चेल्सी के एक नाइट क्लब में हुई हाथापाई घटना की जांच कर रहा है। इस घटना के बाद न सिर्फ स्टोक्स की कप्तानी पर बल्कि पूरे करियर पर भी फुल स्टॉप लगने की अटकलें तेज हो गई हैं। ईसीबी ने इस मामले को लेकर साफ कर दिया है कि मामला टीम अनुशासन और कर्फ्यू तोड़ने से जुड़ा है और ऐसे में सभी चीजों को लेकर जांच होने के बाद ही आगे इस मामले में फैसला लिया जाएगा।
जोफ्रा आर्चर की हुई वापसी, जॉर्डन कॉक्स को मिली जगह
न्यूजीलैंड के खिलाफ ओवल के मैदान पर 17 जून से खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मुकाबले के लिए इंग्लैंड ने जहां अपने स्क्वाड से बेन स्टोक्स और गस एटिंकसन को बाहर कर दिया है तो वहीं तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर के अलावा जॉर्डन कॉक्स को जगह मिली है। जोफ्रा आर्चर को लेकर बात की जाए तो वह 11 जून को वापस इंग्लैंड लौटेंगे जिसमें वह एशेज सीरीज के बाद पहली बार टेस्ट मुकाबले में खेलते हुए दिखने वाले हैं। हालांकि वह इस मैच में खेलेंगे या नहीं इसको लेकर अभी कुछ भी साफ नहीं है क्योंकि उनके वर्कलोड को भी ध्यान में रखा जाएगा। वहीं जो रूट जो पहले लंबे समय तक कप्तानी संभाल चुके हैं उन्होंने इंग्लैंड के लिए साल 2017 से लेकर 2024 तक रिकॉर्ड 64 टेस्ट मैचों में कप्तानी की है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ ओवल टेस्ट के लिए इंग्लैंड का स्क्वाड
जो रूट (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सोनी बेकर, शोएब बशीर,जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, जॉर्डन कॉक्स, बेन डकेट, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, जेम्स रियू, ओली रॉबिन्सन, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), जोश टंग।
ये भी पढ़ें
पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान शान मसूद पर खतरा, अब कौन थामेगा टीम की कमान, कोच पर भी संकट