इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच में खेली जा रही तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला ट्रेंटब्रिज के स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले के दूसरे दिन के खेल में न्यूजीलैंड की टीम अपनी पहली पारी में 438 रनों का स्कोर बनाकर सिमट गई। इंग्लैंड की तरफ से गेंदबाजी में उनके कप्तान और वर्ल्ड क्रिकेट के दिग्गज ऑलराउंडर खिलाड़ियों में शामिल किए जाने वाले बेन स्टोक्स का कमाल देखने को मिला जिन्होंने अपनी 21 ओवर्स की गेंदबाजी में 70 रन देने के साथ 4 विकेट हासिल किए। वहीं स्टोक्स ने इसी के साथ टेस्ट क्रिकेट में अपने 250 विकेट भी पूरे कर लिए जिसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में इंग्लैंड के पहले और जैक कैलिस के बाद सिर्फ दूसरे ऐसे खिलाड़ी हैं जो 7000 प्लस रन और 250 से अधिक विकेट लेने में कामयाब हो सके हैं।
मिचेल सैंटनर का विकेट लेने के साथ हासिल की उपलब्धि
न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन के खेल में जब बेन स्टोक्स ने पारी के 101वें ओवर में मिचेल सैंटनर को 4 के निजी स्कोर पर कैच आउट करवाया उसी के साथ वह इस उपलब्धि को हासिल करने में कामयाब हो गए। स्टोक्स ने अब 122 टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें उनके बल्ले से 7220 से अधिक रन देखने को मिले हैं तो वहीं गेंदबाजी में 250 विकेट हासिल कर चुके हैं। स्टोक्स से पहले साउथ अफ्रीका टीम के दिग्गज खिलाड़ी जैक कैलिस ने सिर्फ ये उपलब्धि हासिल की थी, जिनके बल्ले से टेस्ट क्रिकेट में 166 मुकाबलों में 13289 रन देखने को मिले थे तो वहीं गेंदबाजी में उन्होंने 292 विकेट अपने नाम किए थे।
टेस्ट में 250 विकेट लेने वाले इंग्लैंड के 9वें खिलाड़ी
टेस्ट क्रिकेट में बेन स्टोक्स इंग्लैंड की तरफ से खेलते हुए 250 या उससे अधिक विकेट हासिल करने वाले अब तक के सिर्फ 9वें खिलाड़ी बने हैं। वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ इस टेस्ट सीरीज को लेकर बात करें तो दोनों टीमों के लिए ये आखिरी मुकाबला काफी अहम है क्योंकि पहला मैच जहां मेजबान इंग्लैंड ने अपने नाम किया था तो वहीं दूसरे मुकाबले में कीवी टीम की शानदार वापसी देखने को मिली थी और उन्होंने जीत हासिल करने के साथ सीरीज को 1-1 से बराबरी पर ला दिया।
ये भी पढ़ें
बेन स्टोक्स ने वापसी करते ही मचाया गदर, न्यूजीलैंड ने फिर भी बना लिए 400 से अधिक रन