1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जायसवाल ने ऐसे चुकाई लड़ाई की कीमत, एजबेस्टन मेंं बेन स्टोक्स से पंगा लेना पड़ा भारी

जायसवाल ने ऐसे चुकाई लड़ाई की कीमत, एजबेस्टन मेंं बेन स्टोक्स से पंगा लेना पड़ा भारी

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jul 02, 2025 08:31 pm IST,  Updated : Jul 02, 2025 08:33 pm IST

एजबेस्टन टेस्ट मैच में यशस्वी जायसवाल के पास शतक लगाने का मौका था। लेकिन वह 87 रन बनाकर बेन स्टोक्स की गेंद पर जैमी स्मिथ को कैच थमा बैठे।

Yashasvi Jaiswal- India TV Hindi
यशस्वी जायसवाल Image Source : GETTY

Yashasvi Jaiswal and Ben Stokes: एजबेस्टन के मैदान पर इंग्लैंड और भारत के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में टीम इंडिया को पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला। पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत इस मैच में शानदार रही। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल इस मुकाबले की पहली पारी में शानदार लय में नजर आए। ऐसा लग रहा था कि यहां वह शतक पूरा कर लेंगे लेकिन 87 के निजी स्कोर पर उन्हें बेन स्टोक्स ने आउट कर दिया। आपको बता दें कि इस मैच में यशस्वी जायसवाल और बेन स्टोक्स के बीच छोटी सी नोकझोंक भी हुई।

बेन स्टोक्स और यशस्वी जायसवाल के बीच हुई गहमा-गहमी

दरअसल भारत की पारी के 17वें ओवर में बेन स्टोक्स और यशस्वी जायसवाल के बीच नोकझोंक देखने को मिली। उस ओवर में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स खुद गेंदबाजी कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने जायसवाल से कुछ शब्द कहे, इसके जवाब में जायसवाल ने भी पलटकर बेन स्टोक्स से कुछ कहा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद बेन स्टोक्स ने अंत में जायसवाल को आउट भी कर दिया। आउट होने के बाद जायसवाल काफी निराश होकर पवेलियन की तरफ लौटते हुए दिखे।

लीड्स टेस्ट में जायसवाल ने लगाया था शतक

एजबेस्टन टेस्ट मैच में यशस्वी जायसवाल ने 107 गेंदों में 87 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 13 चौके लगाए। अगर इस पारी में वह शतक पूरा कर लेते तो उनके नाम कुछ और रिकॉर्ड जुड़ जाता लेकिन अब ऐसा नहीं हो सका। इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच की बात करें तो वहां भी उन्होंने पहली इनिंग में 101 रनों की पारी खेली थी। लेकिन दूसरी पारी में वह सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए थे। हालांकि उस मैच में जायसवाल की फील्डिंग काफी खराब रही थी, जिस वजह से उन्हें काफी ट्रोल भी किया गया था।

गिल और पंत कर रहे हैं बैटिंग

एजबेस्टन टेस्ट मैच के पहले दिन के खेल की बात करें तो वहां अब तक दोनों की टीमों ने अच्छा खेल दिखाया है। पहले दिन के चाय ब्रेक तक भारत ने 3 विकेट के नुकसान पर 182 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया की तरफ से शुभमन गिल 42 और ऋषभ पंत 14 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों बल्लेबाजों के बीच 21 रनों की पार्टनरशिप हो चुकी है और अब वह इस साझेदारी को बड़ी करना चाहेंगे।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल