इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच 21 नवंबर से पांच मैचों की एशेज टेस्ट सीरीज की शुरुआत होने वाली है। इस टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड की कप्तानी बेन स्टोक्स करते हुए नजर आएंगे। सीरीज का पहला मैच पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेला जाएगा। इंग्लैंड की टीम पिछले काफी समय से ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर कोई सीरीज नहीं जीत पाई है। ऐसे में इंग्लैंड की टीम बेन स्टोक्स की कप्तानी में इस बार विपक्षी चुनौती के लिए तैयार है। आपको बता दें कि आगामी सीरीज में बेन स्टोक्स के पास खास रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा।
बेन स्टोक्स के बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका
34 वर्षीय बेन स्टोक्स अब तक इंग्लैंड के लिए 115 टेस्ट खेल चुके हैं जहां उनके बल्ले से 206 पारियों में 35.69 की औसत से 7032 रन आए हैं। इस दौरान उन्होंने 810 चौके और 136 छक्के लगाए हैं। ऐसे में अगर बेन स्टोक्स आगामी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 14 छक्के लगाते हैं तो वह टेस्ट में 150 सिक्स पूरे कर लेंगे और ऐसा करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे। टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने का रिकॉर्ड भी बेन स्टोक्स के नाम है। इसके बाद दूसरे नंबर न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मैकुलम के नाम है। मैकुलम ने 101 मैचों में 107 सिक्स लगाए थे। अब बेन स्टोक्स आगामी सीरीज में अब 150 सिक्स लगाने की उपलब्धि अपने नाम कर पाते हैं या नहीं ये देखना दिलचस्प होगा।
एशेज टेस्ट सीरीज में कैसा रहा है बेन स्टोक्स का प्रदर्शन
एशेज टेस्ट सीरीज में बेन स्टोक्स के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने अब तक कुल 24 टेस्ट मैच खेले हैं, जहां उनके बल्ले से 45 पारियों में उन्होंने 36.32 की औसत से 1562 रन आए हैं। इस बीच उनके नाम 4 शतक और 8 अर्धशतक दर्ज हैं। ऑस्ट्रेलियाई धरती पर स्टोक्स ने अब तक 9 टेस्ट मैच खेले हैं और वहां उन्होंने 28.61 की औसत से 515 रन बनाए हैं। उनके नाम 2 अर्धशतक और एक शतक है। दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज में 1047 रन उन्होंने अपने घरेलू मैदान पर बनाए हैं, जिसमें 3 शतक शामिल है।
गेंद के साथ भी बेन स्टोक्स ने किया है कमाल
स्टोक्स ने एशेज टेस्ट सीरीज में 24 मैचों की 31 पारियों में 41 विकेट हासिल किए हैं। उनका गेंदबाजी औसत 38.95 का है। इस दौरान उन्होंने दो बार पांच विकेट हॉल लेने का कारनामा किया है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 40.94 की औसत के साथ 19 विकेट चटकाए हैं। बता दें कि स्टोक्स ने इंग्लैंड में खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अब तक 22 विकेट अपने नाम किए हैं। अब आगामी एशेज टेस्ट सीरीज में स्टोक्स गेंद और बल्ले दोनों से अहम योगदान देना चाहेंगे।
यह भी पढ़ें
IND vs SA: दूसरे टेस्ट में हैट्रिक पर होगा ये गेंदबाज, फर्स्ट क्लास के आंकड़े हैं शानदार
अबू धाबी टी-10 लीग में लगेगा दिग्गज प्लेयर्स का जमावड़ा, जानें कब, कहां और कैसे देख पाएंगे Live