1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भुवनेश्वर कुमार ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, ये कारनामा करने वाले बन गए पहले भारतीय तेज गेंदबाज

भुवनेश्वर कुमार ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, ये कारनामा करने वाले बन गए पहले भारतीय तेज गेंदबाज

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Apr 30, 2026 11:31 pm IST,  Updated : Apr 30, 2026 11:31 pm IST

भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार जिनका आईपीएल 2026 में अब तक शानदार फॉर्म देखने को मिला है उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ हुए मैच में तीन विकेट हासिल करने के साथ एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है।

Bhuvneshwar Kumar- India TV Hindi
भुवनेश्वर कुमार Image Source : AFP

इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 42वां लीग मुकाबला गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम के बीच में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। इस मैच को गुजरात टाइटंस की टीम 4 विकेट से अपने नाम करने में कामयाब रही। वहीं आरसीबी की तरफ से खेल रहे भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार इस मुकाबले में भी गेंद से अपना शानदार फॉर्म जारी रखने में कामयाब रहे, जिसमें उन्होंने अपने 4 ओवर्स में 28 रन देने के साथ तीन विकेट हासिल किए। इसी के साथ भुवनेश्वर कुमार ने टी20 क्रिकेट में एक ऐसी उपलब्धि हासिल की जो इससे पहले कोई भी भारतीय तेज गेंदबाज करने में कामयाब नहीं हो सका था।

भुवनेश्वर ने टी20 में पूरे किए 350 विकेट

गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में भुवनेश्वर कुमार ने पावरप्ले में 2 विकेट हासिल करने के साथ टी20 क्रिकेट में अपने विकेट का आंकड़ा 350 से अधिक कर लिया। इसी के साथ भुवनेश्वर कुमार पहले भारतीय तेज गेंदबाज बन गए जो टी20 में 350 या उससे अधिक विकेट लेने में कामयाब हो सके हैं। भुवनेश्वर कुमार ने अभी तक अपने टी20 करियर में कुल 325 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 324 पारियों में गेंदबाजी की है, जिसमें वह 24.51 के औसत से 352 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। भुवनेश्वर कुमार का टी20 में इकॉनमी रेट देखा जाए तो वह 7.35 का है। भुवनेश्वर कुमार का आईपीएल 2026 में प्रदर्शन देखा जाए तो उन्होंने पर्पल कैप पर अपना कब्जा एकबार फिर से कर लिया है जिसमें वह 9 मैचों में 15.52 के औसत से 17 विकेट हासिल कर चुके हैं।

चहल के नाम है सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने का रिकॉर्ड

टी20 क्रिकेट में भारतीय खिलाड़ी के तौर पर सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने का रिकॉर्ड अभी लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल के नाम पर है जिन्होंने कुल 391 विकेट हासिल किए हैं। वहीं इसके बाद लिस्ट में 352 विकेट के साथ भुवनेश्वर कुमार का नाम है। तीसरे नंबर पर स्टार भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह हैं जिनका आईपीएल 2026 में फॉर्म कुछ खास देखने को नहीं मिला है। बुमराह अब तक टी20 क्रिकेट में 347 विकेट हासिल कर चुके हैं। इस लिस्ट में चौथे नंबर पर पूर्व भारतीय लेग स्पिनर पीयूष चावला का नाम है जिन्होंने टी20 क्रिकेट में कुल 327 विकेट हासिल किए हैं।

ये भी पढ़ें

VIDEO: रजत पाटीदार के कैच को लेकर छिड़ा विवाद, चौथे अंपायर से उलझते नजर आए विराट कोहली

अंगकृष रघुवंशी के 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड' मामले में अब MCC ने दी सफाई, बताया क्या अंपायर ने लिया था सही फैसला

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल