1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs SA: टीम इंडिया के खेमे में टेंशन, दो स्टार खिलाड़ी हो सकते हैं वनडे सीरीज से बाहर

IND vs SA: टीम इंडिया के खेमे में टेंशन, दो स्टार खिलाड़ी हो सकते हैं वनडे सीरीज से बाहर

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Nov 19, 2025 07:54 pm IST,  Updated : Nov 19, 2025 07:54 pm IST

भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज से बाहर रह सकते हैं। वनडे सीरीज की शुरुआत 30 नवंबर से होगी।

Team India- India TV Hindi
टीम इंडिया Image Source : AP

दो मैचों की टेस्ट सीरीज के बाद भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज सीरीज खेली जाएगी। वनडे सीरीज की शुरुआत 30 नवंबर से होगी। इस सीरीज से पहले टीम इंडिया के खेमे से टेंशन वाली खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या इस वनडे सीरीज से बाहर हो सकते हैं। इस वनडे सीरीज में फैंस एक बार फिर रोहित शर्मा और विराट कोहली को एक्शन में देख पाएंगे।

एशिया कप के दौरान चोटिल हो गए थे हार्दिक पांड्या

हार्दिक पांड्या इस वक्त जांघ की चोट से उबर रहे हैं और इसी वजह से वह वनडे सीरीज में नहीं खेलेंगे। उन्हें एशिया कप 2025 में खेलने के दौरान चोट लगी थी। उम्मीद है कि वह फिलहाल केवल सबसे छोटे फॉर्मेट (टी-20) पर ही ध्यान केंद्रित करेंगे। मुख्य तेज गेंदबाजों के वर्कलोड मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भी वनडे सीरीज से आराम दिए जाने की संभावना है। आपको बता दें कि अगले साल भारत और श्रीलंका की मेजबानी में टी-20 वर्ल्ड कप का आयोजन किया जाएगा।

बुमराह और हार्दिक को लेकर BCCI के एक सूत्र ने दिया बड़ा बयान

न्यूज एजेंसी PTI के हवाले बीसीसीआई के एक सूत्र ने नाम नहीं छापने की शर्त पर कहा कि हार्दिक इस समय अपनी जांघ की चोट से उबर रहे हैं। वह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी आरटीपी (खेल में वापसी) ट्रेनिंग कर रहे हैं। फिलहाल जांघ की चोट से वापसी के बाद उन्हें धीरे-धीरे अपना वर्कलोड बढ़ाने की जरूरत है। उनके लिए सीधे 50 ओवर के मैच खेलना जोखिम भरा होगा। टी-20 वर्ल्ड कप तक बीसीसीआई की मेडिकल टीम और हार्दिक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों पर ध्यान केंद्रित करेंगे।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेलेंगे हार्दिक पांड्या

माना जा रहा है कि हार्दिक पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बड़ौदा के लिए अपनी मैच फिटनेस साबित करेंगे और उसके बाद साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल सीरीज में खेलेंगे। न्यूजीलैंड के खिलाफ भी तीन वनडे मैच होने हैं लेकिन टी-20 वर्ल्ड कप तक वनडे क्रिकेट का महत्त्व उतना नहीं है। आईपीएल 2026 के बाद सीनियर खिलाड़ी 2027 वनडे वर्ल्ड कप पर अपना ध्यान केंद्रित करेंगे।

यह भी पढ़ें

क्रिकेट वर्ल्ड कप के शेड्यूल का ऐलान, भारत बनाम पाकिस्तान मैच को लेकर आईसीसी ने लिया ये फैसला

शे होप की ऐतिहासिक सेंचुरी गई बेकार, इस​ खिलाड़ी ने अचानक आकर लूट ली महफिल

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल