भारत ने ब्लाइंड महिला टी20 वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में नेपाल को 7 विकेट से पटखनी देकर खिताब जीत लिया। इस मैच में नेपाल की टीम पहले बैटिंग करते हुए सिर्फ 114 रनों पर सिमट गई। इसके बाद भारत ने आसानी से 12 ओवर्स में टारगेट हासिल कर लिया। ब्लाइंड महिला टी20 वर्ल्ड कप का पहली बार आयोजन हो रहा था और भारत ने पहली ही बार में ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।
भारत के लिए फुला सरेन ने खेली दमदार पारी
भारतीय महिला टीम के लिए दीपिका (6 रन) और अनेखा देवी (2 रन) ओपनिंग करने उतरी थीं। लेकिन ये दोनों प्लेयर्स बड़ी पारियां नहीं खेल पाई। इसके बाद फुला सरेन और करुणा के ने दमदार बल्लेबाजी की। फुला सरेन नाबाद 44 रनों की पारी के साथ भारत की सर्वोच्च स्कोरर रही। वहीं करुना ने 27 गेंदों में कुल 42 रन बनाए। भारत को टारगेट चेज करने में कोई भी परेशानी नहीं हुई और आराम से रन बनाए। नेपाल की कोई भी गेंदबाज प्रभाव छोड़ने में कामयाब नहीं हो पाई।
सिर्फ 114 रनों पर सिमटी नेपाल की टीम
भारत ने पहले गेंदबाजी करते हुए नेपाल को पांच विकेट पर 114 रनों पर रोक दिया। नेपाल की खिलाड़ी मैच में रन बनाने के लिए जूझती हुई नजर आईं। भारत का इस मैच पर दबदबा इतना था कि नेपाल की टीम अपनी पारी में केवल एक चौका ही लगा सकी। नेपाल की टीम ने सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 7 विकेट से धूल चटाई थी। वहीं भारत ने सेमीफाइनल में मजबूत ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराया था।
पाकिस्तान की मेहरीन ने दिखाया कमाल
सह-मेजबान श्रीलंका शुरुआती चरण के पांच मैचों में सिर्फ एक मैच (अमेरिका के खिलाफ) ही जीत सका। पाकिस्तान की बी3 (आंशिक रूप से दृष्टिबाधित) खिलाड़ी मेहरीन अली छह टीमों के टूर्नामेंट में सबसे सफल बल्लेबाज रही। उन्होंने 600 से अधिक रन बनाए, जिसमें श्रीलंका के खिलाफ 78 गेंदों में खेली गई 230 रनों की पारी भी शामिल है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी 133 रनों की पारी खेली थी।
(Input: PTI)
यह भी पढ़ें:
मार्को येनसन का बड़ा कारनामा, एबी डिविलियर्स के ऐतिहासिक रिकॉर्ड की कर ली बराबरी