भारत और इंग्लैंड के बीच 14 जुलाई से ODI सीरीज का आगाज हो चुका है। 3 मैचों की ODI सीरीज के बीच इंग्लैंड ने बड़ा ऐलान किया है। इंग्लैंड ने अपनी टीम को और मजबूत करने का फैसला किया है। दरअसल, इंग्लैंड के ODI स्क्वाड में तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स की लंबे समय बाद वापसी हो गई है। चोट से उबरने के बाद तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स को यह बड़ा मौका मिला है। उन्हें भारत के खिलाफ सीरीज के बाकी दो मुकाबलों के लिए स्क्वाड में शामिल किया गया है। करीब 8 महीने बाद कार्स फिर से इंग्लैंड की ODI जर्सी में नजर आएंगे।
ब्रायडन की 8 महीने बाद ODI में वापसी
30 साल के ब्रायडन कार्स लंबे समय से कलाई और कोहनी की चोट के कारण क्रिकेट से दूर थे। हाल ही में उन्होंने डरहम के लिए T20 ब्लास्ट के तीन मुकाबले खेलकर प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की थी। इससे पहले वह IPL भी नहीं खेल सके थे। नेट्स में अभ्यास के दौरान उनके दाहिने हाथ में चोट लगी थी, हालांकि उस समय उनकी चोट को लेकर ज्यादा खुलासा नहीं किया गया था।
कार्स ने इंग्लैंड के लिए अपना आखिरी मुकाबला इस साल की शुरुआत में सिडनी में खेले गए एशेज टेस्ट में खेला था। वहीं, ODI क्रिकेट में उन्होंने आखिरी बार नवंबर 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैदान पर कदम रखा था। अब भारत के खिलाफ सीरीज के अंतिम दो मैचों के लिए उन्हें फिर से टीम में जगह मिली है।
इंग्लैंड के लिए खेले हैं 30 ODI
ODI करियर की बात करें तो ब्रायडन कार्स अब तक इंग्लैंड के लिए 30 ODI मैच खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने 34 विकेट अपने नाम किए हैं। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 40.44 रहा है। भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की ODI सीरीज के शेष दो मुकाबले 16 जुलाई को कार्डिफ और 19 जुलाई को लॉर्ड्स में खेले जाएंगे। ऐसे में कार्स की वापसी इंग्लैंड के तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती दे सकती है।
भारत के खिलाफ ODI सीरीज के लिए इंग्लैंड की अपडेटेड टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, ब्रायडन कार्स, जेम्स कोल्स, सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल राशिद, जो रूट, जोश टंग।
यह भी पढ़ें:
कौन हैं गुरनूर बरार, जिन्होंने पहले वनडे में ही मचा दी अंग्रेजों के कैंप में सनसनी
आईसीसी रैंकिंग में कैसी है भारत और इंग्लैंड की रैंकिंग, वनडे सीरीज से पहले जान लीजिए