1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. चैंपियंस ट्रॉफी से पहले टीम इंडिया के लिए मिलेगा वनडे डेब्यू का मौका! टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल में बजता है डंका

चैंपियंस ट्रॉफी से पहले टीम इंडिया के लिए मिलेगा वनडे डेब्यू का मौका! टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल में बजता है डंका

 Published : Jan 08, 2025 04:35 pm IST,  Updated : Jan 08, 2025 10:52 pm IST

चैंपियंस ट्रॉफी से पहले भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी। इसमें स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल को वनडे डेब्यू का मौका दिया जा सकता है।

yashasvi jaiswal- India TV Hindi
यशस्वी जायसवाल Image Source : GETTY

आने वाले दिनों में टीम इंडिया एक बार फिर से वनडे के लिए मैदान में उतरेगी। चैंपियंस ट्रॉफी अब करीब है। भारतीय टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की रेस से तो बाहर हो चुकी है। अब उसके पास चैंपियंस ट्रॉफी के माध्यम से ही एक और आईसीसी खिताब जीतने का मौका है। वैसे तो चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी पाकिस्तान के पास है, लेकिन भारतीय टीम अपने सारे मैच दुबई में खेलेगी। इसका शेड्यूल भी जारी किया जा चुका है। इस बीच टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट में टीम इंडिया के लिए जमकर रन बनाने वाले बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को चैंपियंस ट्रॉफी से पहले वनडे में भी डेब्यू का मौका मिल सकता है। 

टेस्ट और टी20 में खूब रन बना रहे हैं यशस्वी जायसवाल 

भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल अब तक 19 टेस्ट मैच खेल चुके हैं। उन्होंने अभी जारी चक्र में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के सारे मैच खेले हैं और खूब रन भी बनाए हैं। वहीं बात अगर टी20 इंटरनेशनल की करें तो वहां वे 23 मुकाबले खेल चुके हैं। लेकिन ताज्जुब की बात ये है कि अभी तक यशस्वी जायसवाल ने भारत के लिए एक भी वनडे मैच नहीं खेला है, यानी वहां उनका डेब्यू होना बाकी है। अब तक 19 टेस्ट खेलने वाले जायसवाल ने 1798 रन बनाए हैं। इसमें चार शतक और 10 अर्धशतक उनके बल्ले से निकले हैं। यहां उनका औसत 52 के करीब का है। वहीं 23 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके जायसवाल ने 723 रन बनाए हैं। इस फॉर्मेट में वे अब तक एक शतक और 5 अर्धशतक लगाने में कामयाब हुए हैं।

चैंपियंस ट्रॉफी में बैकअप ओपनर हो सकते हैं यशस्वी जायसवाल 

चैंपियंस ट्रॉफी से पहले चर्चा है कि यशस्वी जायसवाल ​बैकअप ओपनर के तौर पर टीम इंडिया में जगह पा सकते हैं। हालांकि रोहित शर्मा और शुभमन गिल तो रहेंगे ही, लेकिन पिछले कुछ वक्त से इन दोनों का फार्म गायब है। लेकिन यशस्वी जायसवाल के बल्ले से रन निकल रहे हैं। अगर जायसवाल को चैंपियंस ट्रॉफी में खेलने का मौका मिलता है तो उससे पहले जरूरी होगा कि वे कुछ एक वनडे मुकाबले खेलें। चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंट में सीधे उतार देना, कतई समझदारी नहीं होगी। 

चैंपियंस ट्रॉफी से पहले इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खेलेगी टीम इंडिया 

भारतीय टीम चैंपियंस ट्रॉफी से पहले इंग्लैंड के खिलाफ तीन वनडे मुकाबले खेलेगी, जो तैयारी के लिए बेहद अहम होंगे। माना जा रहा है कि इंग्लैंड के खिलाफ वनडे और चैंपियंस ट्रॉफी के लिए करीब करीब एक ही टीम होगी। साफ है कि यशस्वी जायसवाल को इसी सीरीज में डेब्यू का मौका दिया जा सकता है। अभी तक जो खबरें आ रही हैं, उसके हिसाब से पता चला है कि बीसीसीआई सेलेक्शन कमेटी की बैठक 11 जनवरी को होनी है, इसी में टीम को अंतिम रूप दिया जा सकता है। वैसे भी आईसीसी ने पहले ही तय कर दिया है कि 12 जनवरी तक सभी टीमों को चैंपियंस ट्रॉफी के स्क्वाड का ऐलान करना है। देखना होगा कि यशस्वी जायसवाल को लेकर क्या फैसला किया जाता है। 

यह भी पढ़ें 

Champions Trophy 2025: टीम इंडिया के 3 ​खिलाड़ियों को लेकर सस्पेंस, किसी का भी कट सकता है पत्ता

आईसीसी रैंकिंग में भयंकर बदलाव, ऋषभ पंत ने किया बड़ा धमाका, टेम्बा बावुमा ने रचा इतिहास

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल