1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. चेतेश्वर पुजारा ने काउंटी में लगाया जोरदार शतक, मुश्किल हालात में थी टीम

चेतेश्वर पुजारा ने काउंटी में लगाया जोरदार शतक, मुश्किल हालात में थी टीम

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : May 05, 2024 06:40 pm IST,  Updated : May 05, 2024 06:40 pm IST

भारतीय टीम से पिछले काफी समय से बाहर चल रहे अनुभवी खिलाड़ी चेतेश्वर पुजारा के बल्ले का दम काउंटी चैंपियनशिप डिविजन टू में डर्बीशायर के खिलाफ मुकाबले में देखने को मिला, जिसमें उन्होंने मुश्किल हालात में शानदार शतकीय पारी खेली।

Cheteshwar Pujara- India TV Hindi
काउंटी मैच में बल्लेबाजी करते हुए चेतेश्वर पुजारा Image Source : GETTY

भारतीय टेस्ट टीम का एक समय अहम हिस्सा रहने वाले अनुभवी खिलाड़ी चेतेश्वर पुजारा आखिरी भी टीम इंडिया की टेस्ट स्क्वॉड का हिस्सा साल 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में थे। इसके बाद से पुजारा घरेलू क्रिकेट में खेलते हुए नजर आए हैं, जहां पर उन्होंने शानदार प्रदर्शन भी किया ताकि टीम में वापसी कर सके, वहीं अब पुजारा के बल्ले का कमाल काउंटी चैंपियनशिप में भी देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने डिविजन टू मुकाबले में ससेक्स की टीम से खेलते हुए शानदार शतकीय पारी खेली है।

तीसरे मुकाबले में ही पुजारा के बल्ले से निकला शतक

काउंटी चैंपियनशिप डिविजन टू मुकाबले में ससेक्स की टीम से खेलने पहुंचे चेतेश्वर पुजारा ने तीसरे मैच में ही खेलते हुए शतकीय पारी खेल दी। इस नए सीजन में पुजारा पहले मैच में कुछ खास कमाल नहीं कर सके थे, जिसमें वह 38 रन ही बनाने में कामयाब हो सके। वहीं दूसरे मुकाबले में पुजारा ने वापसी करते हुए पहली पारी में जहां 86 रनों की पारी खेली तो दूसरी पारी में वह 44 रन बनाने में कामयाब हो सके थे। इसके बाद डर्बीशायर के खिलाफ मुकाबले में ससेक्स टीम ने 108 के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट गंवाया जिसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे चेतेश्वर पुजारा ने एक छोर से पारी को संभालते हुए शानदार 113 रन बना दिए। पुजारा के इस शतक के दम पर ससेक्स की टीम इस मुकाबले में पहली पारी में 479 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब हुई।

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में लगाया 63वां शतक

चेतेश्वर पुजारा की गिनती वर्ल्ड क्रिकेट के शानदार खिलाड़ियों में की जाती है, जिसमें उन्होंने अब तक फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 267 मुकाबलों में खेलते हुए 52.06 के औसत से 20566 रन बनाए हैं, जिसमें उन्होंने 63 शतकीय जबकि 80 अर्धशतकीय पारियां खेली हैं। पुजारा का फर्स्ट क्रिकेट में सर्वाधिक स्कोर 352 रनों का है। इस साल टीम इंडिया को न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के अलावा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी टेस्ट सीरीज खेलनी है, ऐसे में पुजारा की नजर फिर से टीम में वापसी पर जरूर होगी।

ये भी पढ़ें

धोनी के T20 करियर में पहली बार हुआ ऐसा, हर्षल पटेल की गेंद पर हुए क्लीन बोल्ड; देखें VIDEO

Women's T20 World Cup 2024 के शेड्यूल का ऐलान, इन दिन होगी भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल