कैरेबियन लीग 2025 के सीजन में चौथा मुकाबला ट्रिनबागो नाइट राइडर्स और सेंट किट्स और नेविस पैट्रियट्स की टीम के बीच में खेला जा रहा है। इस मैच में ट्रिनबागो की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर 231 रनों का स्कोर बनाया है, जिसमें उनकी तरफ से न्यूजीलैंड टीम के पूर्व बाएं हाथ के खिलाड़ी कॉलिन मुनरो के बल्ले का कमाल देखने को मिला जिसमें उन्होंने 57 गेंदों में 120 रनों की पारी खेलने के साथ सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल की बराबरी कर ली।
मुनरो ने टी20 में लगाया अपना छठा शतक
कॉलिन मुनरो का टी20 फॉर्मेट में अब तक बल्ले से रिकॉर्ड काफी शानदार देखने को मिला है। मुनरो का सेंट किट्स और नेविस पैट्रियट्स के खिलाफ मैच में आया शतक उनके टी20 करियर में छठी शतकीय पारी थी, जिसके साथ अब वह टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल के बराबर पहुंच गए हैं। कॉलिन मुनरो इसी के साथ न्यूजीलैंड के लिए भी इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में अब संयुक्त रूप से मार्टिन गुप्टिल के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं, जिसमें पहले नंबर पर 7 शतकीय पारियों को साथ ब्रैंडन मैकुलम काबिज हैं।
सीपीएल में बनाया तीसरा सर्वाधिक निजी स्कोर
ट्रिनबागो नाइट राइडर्स टीम की तरफ से सीपीएल 2025 के सीजन में खेल रहे कॉलिन मुनरो के बल्ले से निकली 120 रनों की पारी कैरेबियन प्रीमियर लीग के इतिहास में अब तक की तीसरी सर्वाधिक निजी रनों की पारी है। इस लिस्ट में पहले नंबर पर ब्रैंडन किंग का नाम है जिन्होंने 132 रनों की पारी खेली थी तो वहीं दूसरे नंबर पर आंद्रे रसेल नाबाद 121 रनों की पारी के साथ काबिज हैं। सेंट किट्स और नेविस पैट्रियट्स के खिलाफ मुकाबले में कॉलिन मुनरो ने अपना शतक सिर्फ 50 गेंदों में ही पूरा कर लिया था। वहीं उन्होंने अपनी पारी के दौरान 14 चौके और 6 छक्के भी लगाए।
ये भी पढ़ें
खत्म हो गया बाबर-रिजवान का T20I करियर? सेलेक्टर्स ने एशिया कप 2025 के लिए नहीं दी जगह
भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने वाले खिलाड़ी ने जड़ा शतक, DPL 2025 में दिखाया जलवा