1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 32 साल के खिलाड़ी ने 53 गेंदों में जड़ा तूफानी शतक, 16 छक्के-चौके जड़ टीम को फाइनल में पहुंचाया

32 साल के खिलाड़ी ने 53 गेंदों में जड़ा तूफानी शतक, 16 छक्के-चौके जड़ टीम को फाइनल में पहुंचाया

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Dec 31, 2025 09:15 am IST,  Updated : Dec 31, 2025 09:20 am IST

डेजर्ट वाइपर्स ILT20 2025-26 के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। डेजर्ट वाइपर्स ने MI एमिरेट्स को 45 रनों से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।

Andries Gous- India TV Hindi
एंड्रीस गॉस Image Source : @ILT20OFFICIAL

डेजर्ट वाइपर्स ने ILT20 के पहले क्वालिफायर में MI एमिरेट्स को 45 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। 30 दिसंबर को अबू धाबी में खेले गए मुकाबले में वाइपर्स को ILT20 के खिताबी मुकाबले का टिकट दिलाने में एंड्रीज गौस का अहम योगदान रहा, जिन्होंने 200 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से शानदार शतक जड़ा। 32 साल के एंड्रीज गौस ने 58 गेंदों में नाबाद 120 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें चौके से ज्यादा छक्के जड़ने का कमाल किया। 

पहले बल्लेबाजी करते हुए वाइपर्स ने गौस और फखर जमान की रिकॉर्ड ओपनिंग साझेदारी के सहारे विशाल स्कोर खड़ा किया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 157 रन जोड़े, जो ILT20 इतिहास की सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप है। गौस ने अपनी शानदार पारी में 9 छक्के और 7 चौके जड़े, जबकि फखर ने 69 रन का अहम योगदान दिया। टीम ने 20 ओवर में 1 विकेट खोकर 233 रनों का मजबूत स्कोर बनाया।

पावरप्ले में जमकर बटोरे रन

शुरुआत में फजलहक फारूकी के खिलाफ संभलकर खेलने के बाद गौस और फखर ने तेजी से स्ट्राइक रोटेट की और फिर आक्रामक अंदाज अपनाया। पावरप्ले में वाइपर्स ने 47 रन बनाए और 11 ओवर के भीतर टीम का स्कोर 100 के पार पहुंच गया। 16वें ओवर में एएम गजनफर ने फखर जमान को आउट कर साझेदारी तोड़ी, लेकिन तब तक वाइपर्स ने मुकाबले में अपनी पकड़ मजबूत कर ली। गौस ने इसके बाद गियर बदलते हुए सिक्स और दमदार पुल शॉट्स की बरसात कर दी। उन्होंने केवल 53 गेंदों में शतक पूरा किया और ILT20 के नॉकआउट मुकाबलों में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने।

अंतिम ओवरों में MI एमिरेट्स के गेंदबाजों की लाइन-लेंथ बिगड़ी। 19वें ओवर में शेफर्ड से गौस ने दो छक्के और एक चौका लगाकर 22 रन निकाले। सैम करन ने भी आते ही तेवर दिखाए और मात्र 12 गेंदों में 38 रन ठोक दिए। आखिरी दो ओवरों में कुल 44 रन बने और गौस-करन की जोड़ी ने 25 गेंदों में 76 रन जोड़कर स्कोर को 230 के पार पहुंचाया।

MI एमिरेट्स का फाइनल में जाने का सपना टूटा

लक्ष्य का पीछा करते हुए MI एमिरेट्स ने तेज शुरुआत की। मोहम्मद वसीम ने पहली गेंद से आक्रमण किया, जबकि आंद्रे फ्लेचर जल्दी आउट हो गए। टॉम बैंटन ने शानदार काउंटर अटैक करते हुए 27 गेंदों में 63 रन बनाए। आधे मैच तक MI एमिरेट्स 104/1 के स्कोर पर मुकाबले में बना हुआ दिख रहा था, लेकिन बढ़ते रन रेट ने टीम को दबाव में ला दिया। यहीं से मुकाबले का रुख बदला। ILT20 में डेब्यू कर रहे उस्मान तारिक ने मैच पलटने वाला स्पेल डाला। उन्होंने बैंटन का विकेट लेने के बाद दो और झटके देकर मिडिल ऑर्डर को बिखेर दिया। नसीम शाह ने भी कसी हुई गेंदबाजी करते हुए वसीम को आउट किया और रन गति पर ब्रेक लगाया। विकेट गिरते ही MI एमिरेट्स दबाव में आ गया और टीम 7 विकेट खोकर 188 रन ही बना सकी। 

यह भी पढ़ें

ऑस्ट्रेलिया के लिए आई बुरी खबर, 2 वर्ल्ड कप जीतने वाला दिग्गज क्रिकेटर अस्पताल में लड़ रहा जिंदगी की जंग

दीप्ति शर्मा ने तोड़ा ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज का वर्ल्ड रिकॉर्ड, बन गई T20I की सबसे सफल गेंदबाज

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल