1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. देवदत्त पडिक्कल महज 1 रन से दोहरा शतक जड़ने से चूके, अंपायर के फैसले पर जताई हैरानी

देवदत्त पडिक्कल महज 1 रन से दोहरा शतक जड़ने से चूके, अंपायर के फैसले पर जताई हैरानी

 Written By: Vanson Soral
 Published : Oct 26, 2026 10:11 am IST,  Updated : Oct 26, 2026 10:13 am IST

देवदत्त पडिक्कल न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले अनऑफिशियल टेस्ट में दोहरे शतक के करीब आउट हो गए। वह न्यूजीलैंड में दोहरा शतक जड़ने से सिर्फ एक रन दूर रह गए।

Devdutt Padikkal - India TV Hindi
देवदत्त पडिक्कल Image Source : AP

स्टार भारतीय बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल न्यूजीलैंड ए के खिलाफ शानदार पारी खेलने के बावजूद 200 रन का आंकड़ा नहीं छू सके। लिंकन में खेले जा रहे पहले अनऑफिशियल टेस्ट के तीसरे दिन उनकी पारी 199 रन पर खत्म हो गई। जैक गिब्सन की गेंद पर विकेटकीपर मिचेल हे ने उनका कैच पकड़ा, लेकिन पडिक्कल को लगा कि गेंद उनके बल्ले से लगी ही नहीं है। वह अंपायर के फैसले से हैरान नजर आए और पवेलियन लौटते समय उन्होंने बल्ले और गेंद के बीच दूरी होने का इशारा भी किया। इस सीरीज में DRS की सुविधा नहीं है, इसलिए उनके पास फैसले को चुनौती देने का विकल्प नहीं था। पडिक्कल ने 248 गेंदों पर 199 रन बनाए, जिसमें 24 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। हालांकि, इतनी बड़ी पारी खेलने के बाद भी उनके मन में दोहरा शतक पूरा नहीं कर पाने की कसक साफ नजर आई।

इंडिया ए की वापसी में पडिक्कल और सुदर्शन का बड़ा योगदान

इस मुकाबले में इंडिया ए की शुरुआत बेहद खराब रही थी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 113 रन पर सिमट गई थी। यश राठौड़ ने नाबाद 44 रन बनाए थे, जबकि पडिक्कल ने 32 रन का योगदान दिया था। इसके जवाब में न्यूजीलैंड ए ने 317 रन बनाकर पहली पारी में 204 रन की बढ़त हासिल कर ली। कप्तान राइस मारियू ने 76 और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने 51 रन बनाए।

204 रन से पिछड़ने के बाद दूसरी पारी में इंडिया ए की शुरुआत एक बार फिर लड़खड़ा गई। केएल राहुल 4 और यशस्वी जायसवाल 5 रन बनाकर आउट हो गए। महज 10 रन पर दो विकेट गिरने के बाद पडिक्कल और साई सुदर्शन ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 215 रन की अहम साझेदारी हुई, जिसने टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला। सुदर्शन ने 184 गेंदों पर 91 रन बनाए। उनकी पारी में 12 चौके शामिल रहे। कप्तान ध्रुव जुरेल भी सिर्फ दो रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन पडिक्कल ने यश राठौड़ के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। इसी दौरान वह 199 रन तक पहुंचे, लेकिन गिब्सन की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठे।

साई सुदर्शन पर भारी पड़ सकते हैं पडिक्कल

इस शानदार पारी से पडिक्कल ने भारतीय टेस्ट टीम की प्लेइंग XI में जगह बनाने की अपनी दावेदारी और मजबूत कर दी है। श्रीलंका के खिलाफ लगातार दो शतक लगाने के बाद भी वह साई सुदर्शन से आगे माने जा रहे थे। न्यूजीलैंड ए के खिलाफ 199 रन की पारी ने उनकी दावेदारी को और मजबूत किया है। सुदर्शन ने भी 91 रन बनाकर अपनी उपयोगिता साबित की, लेकिन चोट के कारण वह श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में नहीं खेल सके थे। ऐसे में आगामी टेस्ट के लिए प्लेइंग XI में किसे मौका मिलता है, यह देखना दिलचस्प होगा। गौरतलब है कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का नवंबर में आगाज होगा। 19 नवंबर से वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व में पहला टेस्ट मैच खेला जाएगा। इसके बाद 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में दूसरा टेस्ट मैच खेला जाएगा।

यह भी पढ़ें:

WI के खिलाफ पहले टेस्ट से बाहर हो सकते हैं लिटन दास, चोट से उबरने के बावजूद नहीं मिली हरी झंडी

टीम इंडिया को लगा तगड़ा झटका, ईशान किशन तीसरे T20I से हुए बाहर, वैभव सूर्यवंशी को फिर मिलेगा मौका?

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।