Highlights
- मंगलवार से शुरू हो रही है भारत और इंग्लैंड के बीच वन डे सीरीज
- तीन वन डे मैचों की सीरीज का पहला मैच 12 जुलाई को खेला जाएगा
- टी20 सीरीज जीतकर टीम इंडिया के हौसले बुलंद, इंग्लैंड करेगा पलटवार
ENG vs IND : भारत और इंग्लैंड के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज खत्म हो गई है, अब वन डे सीरीज की बारी है। भारत और इंग्लैंड तीन वन डे मैच खेलेंगे, इसके लिए टीम इंडिया का ऐलान पहले ही कर दिया गया है। सीरीज का पहला मैच 12 जुलाई को द ओवल में खेला जाएगा। भारतीय टीम टी20 मैच खेलने के एक ही दिन बाद फिर से वन डे मैच खेलने के लिए उतरने जा रही है। हालांकि वन डे और टी20 की टीम में बहुत ज्यादा अंतर नहीं है। केवल शिखर धवन ऐसे खिलाड़ी हैं, जो टी20 सीरीज में नहीं थे, लेकिन वे वन डे खेलते हुए नजर आने वाले हैं।
रोहित शर्मा और शिखर धवन कर सकते हैं ओपनिंग
इस बीच अब इस बात पर चर्चा शुरू हो गई है कि इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले पहले वन डे मैच में भारत की प्लेइंग इलेवन क्या हो सकती है। जिस तरह से टी20 में टीम इंडिया ने रोहित शर्मा के साथ ऋषभ पंत से ओपनिंग कराई, वो शायद वन डे में न हो। कप्तान रोहित शर्मा के साथ बाएं हाथ के बल्लेबाज शिखर धवन ओपनिंग करते हुए नजर आ सकते हैं। इसके बाद तीसरे नंबर पर पूर्व कप्तान विराट कोहली के आने की पूरी संभावना है। सूर्य कुमार यादव ने जिस तरह से आखिरी टी20 मैच में आतिशी शतक जड़ा, उससे नंबर चार की पोजीशन उनकी भी पक्की हो गई है। टी20 में ओपनिंग करने वाले विकेट कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत वन डे में पांचवें नंबर पर खेलते हुए नजर आ सकते हैं। इसके बाद आलराउंडर हार्दिक पांड्या और रवींद्र जडेजा हैं हीं ये दोनों खिलाड़ी टीम के लिए फिनिशर की भूमिका भी निभा सकते हैं।
जसप्रीत बुमराह और मोहमद शमी के हाथ में होगी गेंदबाजी की कमान
इसके बाद अगर गेंदबाजों की बात करें तो जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी का खेलना करीब करीब तय है। तीसरे तेज गेंदबाज के लिए भारत के लिए भारत के पास दो मजबूत आप्शन हैं। शार्दुल ठाकुर और प्रसिद्ध कृष्णा में से एक खिलाड़ी खेलता हुआ दिख सकता है। वैसे अगर बल्लेबाजी की भी बात करें तो शार्दुल ठाकुर का दावा ज्यादा मजबूत दिख रहा है। स्पेशलिस्ट स्पिनर के तौर पर युजवेंद्र चहल भी प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे। पहले मैच में ये प्लेइंग इलेवन भारत की मैदान में उतर सकती है। सीरीज तीन ही मैचों की है, इसलिए जो टीम पहला मैच जीतेगी, वो सीरीज में बढ़त बना सकती है और सीरीज जीतने में आसानी होगी।
भारत बनाम इंग्लैंड पहले वन डे की संभावित प्लेइंग इलेवन
रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, शार्दुल ठाकुर, युजवेंद्र चहल।