Highlights
- भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट के तीन दिन हुए पूरे
- टीम इंडिया ने मैच पर बना रखी है काफी मजबूत पकड़
- चौथे दिन टीम इंडिया सेशन जीती तो जीत भी होगी पक्की
ENG vs IND 5th Test Match : भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जा रहा टेस्ट सीरीज का पांचवां और आखिरी मैच है। अब तक तीन दिन का खेल हो चुका है और टीम इंडिया ने मैच पर अपनी पकड़ काफी मजबूत कर ली है। अब भारतीय टीम की नजर चौथे दिन को भी अपनी मुट्ठी में करने की होगी, ताकि मैच को अपने नाम किया जा सके। टीम इंडिया कोशिश करेगी कि अपनी दूसरी पारी में बड़ा स्कोर किया जाए, ताकि इंग्लैंड के पास जीत का कोई भी चांस न रह जाए। सीरीज में वैसे भी टीम इंडिया दो मैच जीतकर आगे चल रही है, इस तरह से सीरीज भी जीतने की पूरी संभावना नजर आ रही है।
तीसरे दिन का खेल खत्म होने पर चेतेश्वर पुजारा और ऋषभ पंत क्रीज पर
जब तीसरे दिन का खेल खत्म हुआ, तब तक भारतीय टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 125 रन बना लिए थे। क्रीज पर चेतेश्वर पुजारा और ऋषभ पंत बने हुए हैं। भारत की अब कुल बढ़त 257 रनों की हो गई है। भारतीय टीम कोशिश करेगी कि दूसरी पारी में कम से कम 150 रन यहां से और बनाए जाएं, ताकि इंग्लैंड के सामने जीत के लिए करीब 400 रनों का टारगेट रखा जाए। इतने बड़े टारगेट का चेज करना आसान नहीं होने वाला। हालांकि इंग्लैंड की पारी की बात करें तो तीसरे दिन दूसरे सोशन में जॉनी बेयरस्टो ने सैम बिलिंग्स संग मिलकर इंग्लैंड की पारी को काफी मजबूत करने का काम किया। जॉनी बेयरस्टो ने इस साल का अपना पांचवां शतक पूरा किया, वहीं ये उनका लगातार तीसरा टेस्ट शतक है। इसके बाद भी भारतीय टीम ने पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड पर भारत 132 रनों की बढ़त बना ली थी।
दूसरी पारी में भी नाकाम हुए शुभमन गिल और विराट कोहली
टीम इंडिया जब दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए उतरी तो पहला झटका जल्द ही लग गया। सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल एक बार फिर नाकाम हुए ओर जल्द ही आउट होकर पवेलियन लौट गए। दूसरी पारी में शुभमन गिल केवल चार ही रन बना सके। उन्हें जिमी एंडरसन ने आउट किया। इसके बाद आए हनुमा विहारी भी कुछ खास नहीं कर सके और 11 रन बनाकर आउट हो गए। उम्मीद थी कि कम से कम इस पारी में तो पूर्व कप्तान विराट कोहली जरूर बड़ी पारी खेलेंगे। आते ही उन्होंने कुछ उम्दा कवर ड्राइव लगाए भी, लेकिन वे इस पारी में ज्यादा लंबा नहीं कर सके। कोहली ने 40 गेंद पर 20 रन की पारी खेली और आउट हो गए। उन्हें कप्तान बेन स्टोक्स ने अपना शिकार बनाया। टीम इंडिया की कोशिश होगी कि आज की बड़ा स्कोर बनाकर इंग्लैंड को बल्लेबाजी के लिए लाया जाए और आज ही कुछ विकेट निकाल लिए जाएं, ताकि मैच के आखिरी और पांचवें दिन मैच को जीता जा सके।