1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ENG vs IND : ऋषभ पंत ने तोड़ा विराट कोहली का कीर्तिमान, जानिए रिकॉर्ड

ENG vs IND : ऋषभ पंत ने तोड़ा विराट कोहली का कीर्तिमान, जानिए रिकॉर्ड

 Written By: Pankaj Mishra
 Published : Jul 04, 2022 06:24 pm IST,  Updated : Jul 04, 2022 06:24 pm IST

ऋषभ पंत (Rishabh Pant) ने मैच की पहली पारी में 146 रन की पारी खेली। इसके बाद दूसरी पारी में भी उन्होंने 57 रन बनाए।

Rishabh Pant- India TV Hindi
Rishabh Pant Image Source : PTI

Highlights

  • बर्मिंघम के सिंघम बनकर सामने आए विकेट कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत
  • ऋषभ पंत ने तोड़ा विराट कोहली का साल 2018 में बनाया गया रिकॉर्ड
  • मैच की पहली पारी में शतक और दूसरी पारी में जड़ा शानदार अर्धशतक

ENG vs IND Rishabh Pant : टीम इंडिया ने एजबेस्टन में खेले जा रहे पांचवें और आखिरी मैच में इंग्लैंड की टीम को बैकफुट पर ढकेल दिया है। इंग्लैंड की हार यहां से करीब नजर आ रही है। अब इस मैच के दो ही रिजल्ट निकलते दिख रहे हैं, टीम इंडिया की जीत या फिर मैच ड्रॉ। किसी भी सूरत में मैच इंग्लैंड जीतते हुए नजर नहीं आ रहा है। इंग्लैंड को इस दशा में पहुंचाने में सबसे बड़ा योगदान टीम इंडिया के विकेट कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत का है। ऋषभ पंत ने पहली पारी में शानदार शतक जड़ा और दूसरी पारी में भी अर्धशतक लगाकर भारतीय टीम को मजबूत किया। इस मैच में 200 से ज्यादा रन बनाकर ऋषभ पंत ने अपने पूर्व कप्तान विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है। 

ऋषभ पंत ने पहली पारी में बनाए 146 रन और दूसरी में 57 रन 

ऋषभ पंत ने मैच की पहली पारी में 146 रन की पारी खेली। इसके बाद दूसरी पारी में भी उन्होंने 57 रन बनाए। इस तरह से दोनों पारियों में मिलाकर उन्होंनें 203 रन बना दिए। ये मैच एजबेस्टन के बर्मिंघम में खेला जा रहा है। इससे पहले किसी भी भारतीय खिलाड़ी का सबसे बड़ा स्कोर 200 रन था, जो विराट कोहली ने साल 2018 में बनाया था। अब इस मामले में ऋषभ पंत विराट कोहली से आगे निकल गए हैं। साल 2018 की टेस्ट सीरीज का पहला मैच बर्मिंघम में ही खेला गया था, तब विराट कोहली ने पहली पारी में शतक लगाया था और दूसरी पारी में अर्धशतक ठोका था। हालांकि इसके बाद भी भारतीय टीम ये मैच 32 रन से हार गई थी। विराट कोहली से पहले ​बर्मिघम में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड एमएस धोनी के नाम था। एमएस धोनी ने साल 2011 में यहां पर 151 रन बनाए थे। वहीं इससे भी पहले की बात करें तो सचिन तेंदुलकर ने साल 1996 में 146 रन इसी मैदान पर ठोके थे। हालांकि अब तो ऋषभ पंत सभी से आगे हैं। 

एक ही मैच में कई रिकॉर्ड ऋषभ पंत ने किए ध्वस्त 
इतना ही नहीं, ऋषभ पंत ने कुछ और भी कीर्तिमान अपने नाम किए हैं। ऋषभ पंत अब इंग्लैंड में किसी टेस्ट मैच की दोनों पारियों में मिलाकर सर्वाधिक रन बनाने वाले विकेटकीपर बन गए हैं। उन्होंने 1950 में वेस्टइंडीज के क्लाइड वालकॉट की ओर से बनाए गए 182 रनों (14, 168) के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। ऋषभ पंत ने 69 साल पुराने एक और रिकॉर्ड को तोड़ा। उनसे पहले एशिया के बाहर एक टेस्ट मैच में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड विजय मांजरेकर के नाम था। मांजरेकर ने 1953 में वेस्टइंडीज के खिलाफ किंगस्टन में दोनों पारियों में कुल 161 रन बनाए थे। अब ऋषभ पंत ने 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए एजबेस्टन टेस्ट में 203 रन बनाकर इस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल