ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए अहम मुकाबले के दौरान एक बड़ा विवाद देखने को मिला। वेस्टइंडीज की कप्तान हेली मैथ्यूज के आउट दिए जाने के फैसले ने क्रिकेट जगत में बहस छेड़ दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में फैंस थर्ड अंपायर के फैसले पर सवाल उठा रहे हैं।
थर्ड अंपायर के फैसले पर उठे सवाल
यह घटना वेस्टइंडीज की पारी के दौरान हुई, जब हेली मैथ्यूज बल्लेबाजी कर रही थीं। इंग्लैंड की अपील पर फील्ड अंपायर ने फैसला थर्ड अंपायर को भेजा। रिव्यू के दौरान अल्ट्राएज में हल्का स्पाइक दिखाई दिया, जिससे ऐसा लगा कि गेंद बल्ले को छूकर विकेटकीपर के पास गई है। हालांकि, विवाद तब शुरू हुआ जब रिप्ले के दूसरे एंगल में बल्ले और गेंद के बीच साफ दूरी दिखाई दी। टीवी फुटेज में ऐसा लगा कि गेंद बल्ले को छुए बिना निकल गई थी। दिलचस्प बात यह रही कि थर्ड अंपायर ने भी रिप्ले में चेक करने के दौरान बल्ले और गेंद के बीच गैप होने की बात मानी, लेकिन इसके बावजूद अल्ट्राएज में मिले संकेत के आधार पर मैथ्यूज को आउट करार दे दिया।
हेली मैथ्यूज ने जताई नाराजगी
फैसला सुनते ही हेली मैथ्यूज हैरान रह गईं। उनके चेहरे पर नाराजगी साफ दिखाई दी और वह मैदान छोड़ते समय भी इस फैसले से असहमत नजर आईं। वेस्टइंडीज के लिए यह विकेट बेहद अहम था। अब सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और थर्ड अंपायर के फैसले पर लोग सवाल उठा रहे हैं।
कई क्रिकेट फैंस का मानना है कि जब बल्ले और गेंद के बीच साफ गैप दिखाई दे रहा था, तब सिर्फ अल्ट्राएज के छोटे से स्पाइक के आधार पर बल्लेबाज को आउट देना सही नहीं था। मैथ्यूज के आउट होने के बाद वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी दबाव में आ गई और टीम मुकाबले में पिछड़ती चली गई। अंत में इंग्लैंड ने मैच 38 रन से जीतकर T20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। हालांकि, इस मैच के बाद चर्चा इंग्लैंड की जीत से ज्यादा इस विवादित फैसले की हो रही है।
यह भी पढ़ें:
इंग्लैंड T20 WC के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली बनी पहली टीम, वेस्टइंडीज को 38 रनों से दी मात