1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इंग्लैंड T20 WC के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली बनी पहली टीम, वेस्टइंडीज को 38 रनों से दी मात

इंग्लैंड T20 WC के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली बनी पहली टीम, वेस्टइंडीज को 38 रनों से दी मात

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 25, 2026 06:59 am IST,  Updated : Jun 25, 2026 07:01 am IST

ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को 38 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने डैनी वायट-हॉज के अर्धशतक की बदौलत 186/7 का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में 148/5 रन ही बना सकी।

ENG vs WI- India TV Hindi
इंग्लैंड बनाम वेस्टइंडीज Image Source : AFP

ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड का विजयी अभियान लगातार जारी है। टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही दो टीमों के बीच हुए अहम मुकाबले में इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को 38 रन से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाने वाली पहली टीम बन गई। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड ने एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की।

इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 186 रन का स्कोर खड़ा किया। डैनी वायट हॉज ने शानदार अर्धशतक जड़ा। इंग्लैंड के स्कोर के जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 148 रन ही बना सकी। इस तरह इंग्लिश टीम ने 38 रनों से मुकाबला अपने नाम करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

डैनी वायट-हॉज ने खेली अर्धशतकीय पारी

पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने आक्रामक शुरुआत की। एमी जोन्स ने पहले ही ओवर में दो चौके लगाकर इरादे जाहिर किए, हालांकि उसी ओवर में चिनेल हेनरी ने उन्हें पवेलियन भेज दिया। इसके बाद सोफिया डंकली और डैनी वायट-हॉज ने तेजी से रन बटोरते हुए स्कोरबोर्ड को दौड़ाया। डंकली के आउट होने के बावजूद वायट-हॉज ने रनगति बनाए रखी और कप्तान हीदर नाइट के साथ मिलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

डैनी वायट-हॉज ने सिर्फ 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और वेस्टइंडीज के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। हालांकि रन आउट के रूप में उनकी साझेदारी टूटी, लेकिन अंतिम चार ओवरों में इंग्लैंड ने 41 रन जोड़कर स्कोर को 186/7 तक पहुंचा दिया। वायट-हॉज ने 65 रन बनाए, जबकि हीदर नाइट ने 43 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया।

187 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद धीमी रही। पावरप्ले के पहले तीन ओवरों में टीम सिर्फ 12 रन ही बना सकी। कप्तान हेले मैथ्यूज ने कुछ आकर्षक शॉट लगाए, लेकिन एक विवादास्पद फैसले का शिकार होकर 14 रन पर आउट हो गईं। अल्ट्रा एज में मामूली स्पाइक दिखाई देने के बाद उन्हें आउट करार दिया गया, जिससे वह काफी नाराज नजर आईं।

वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने किया निराश

डिएंड्रा डॉटिन ने पावरप्ले के आखिरी ओवर में एक चौका और दो छक्के लगाकर मुकाबले में जान फूंकने की कोशिश की, लेकिन उसी ओवर में उनका विकेट गिर गया। इसके बाद वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी कभी भी लक्ष्य के करीब पहुंचती नहीं दिखी। शेमेन कैंपबेल और जेनिलिया ग्लासगो भी बड़ी पारी नहीं खेल सकीं। इंग्लैंड की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन और चार्ली डीन ने बीच के ओवरों में रनगति पर पूरी तरह लगाम लगा दी।

आखिरी ओवरों में चिनेल हेनरी ने संघर्ष जारी रखते हुए नाबाद 51 रन बनाए और अंतिम ओवर में दो छक्के भी जड़े, लेकिन तब तक मुकाबला इंग्लैंड की पकड़ में आ चुका था। 20 ओवर में वेस्टइंडीज की टीम 148/5 तक ही पहुंच सकी और इंग्लैंड ने 38 रन से शानदार जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

यह भी पढ़ें:

भारतीय महिला टीम के लिए करो या मरो की स्थिति, बांग्लादेश के खिलाफ ऐसा रहा है T20I में रिकॉर्ड

आयरलैंड में वैभव सूर्यवंशी का सीरीज शुरू होने से पहले दिखा जलवा, टिकटों के लिए मची मारामारी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल