1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को हराकर सीरीज में हासिल की 2-0 की अजेय लीड, मैच में 4 बल्लेबाजों ने लगाए शतक

इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को हराकर सीरीज में हासिल की 2-0 की अजेय लीड, मैच में 4 बल्लेबाजों ने लगाए शतक

 Published : Jul 21, 2024 11:25 pm IST,  Updated : Jul 22, 2024 01:55 am IST

इंग्लैंड ने दूसरे टेस्ट में वेस्टइंडीज को हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त ले ली है। वेस्टइंडीज के बल्लेबाज दूसरी पारी में अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम साबित हुए और पूरी टीम मिलकर सिर्फ 143 रन ही बना पाई।

eng vs wi 2nd test - India TV Hindi
eng vs wi 2nd test Image Source : AP

England Cricket Team vs West Indies Team: इंग्लैंड ने दूसरे टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज की टीम को 241 रनों से हरा दिया है। इस मैच में इंग्लैंड के लिए गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को जीतने के लिए 385 रनों का टारगेट दिया, जिसके जवाब में विंडीज की टीम 143 रन ही बना सकी। इस मैच में इंग्लैंड के लिए शोएब बशीर ने बेहतरीन गेंदबाजी का नमूना पेश किया। 

शोएब बशीर ने हासिल किए पांच विकेट

बड़े टारगेट का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम के लिए कोई भी बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया। टीम के लिए क्रेग ब्रेथवेट ने जरूर 47 रन बनाए। वहीं जेसन होल्डर ने 37 रनों का योगदान दिया। बाकी के बल्लेबाज रन बनाना तो बहुत दूर की बात क्रीज पर टिकने के लिए ही तरसते रहे। इसी वजह से टीम को हार का सामना करना पड़ा। वहीं इंग्लैंड के लिए शोएब बशीर सबसे बड़े हीरो साबित हुए। उन्होंने दूसरी पारी में पांच विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा क्रिस वोक्स, गस एटकिंसन ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। एक विकेट मार्क वुड के खाते में गया। इंग्लैंड बनाम वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टेस्ट मैच में चार बल्लेबाजों ने शतक लगाए हैं। इसमें तीन बल्लेबाज इंग्लैंड और एक वेस्टइंडीज का है। मैच में जो रूट, हैरी ब्रूक, ओली पोप और केवम हॉज ने शतक लगाए हैं। 

ओली पोप ने खेली थी दमदार पारी

इंग्लैंड ने टीम ने पहली पारी में 416 रन बनाए थे। तब टीम के लिए ओली पोप ने सबसे ज्यादा 121 रनों की पारी खेली थी। इसके अलावा बेन स्टोक्स ने 69 रन और बेन डकेट ने 71 रन बनाए थे। इसके बाद वेस्टइंडीज ने केवम हॉज की मदद से पहली पारी में 457 रन बनाए। केवम ने 120 रन बनाए। उनकी वजह से ही विंडीज की टीम ने पहली पारी में 41 रनों की बढ़त हासिल की और इंग्लैंड को कड़ी टक्कर दी। लेकिन दूसरी पारी में वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने बहुत ही खराब प्रदर्शन किया। 

जो रूट और हैरी ब्रूक ने लगाए शतक

इंग्लैंड के लिए दूसरी पारी में जो रूट और हैरी ब्रूक ने शतक लगाए। रूट ने 122 रन और ब्रूक ने 109 रन बनाए। इसके अलावा बेन डकेट ने पहली पारी की तरह ही दूसरी पारी में भी दमदार बैटिंग की। उन्होंने 76 रन बनाए। इन प्लेयर्स की वजह से ही इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 425 रन बनाए और वेस्टइंडीज को जीतने के लिए 385 रनों का टारगेट दिया, जिसके जवाब में विंडीज की टीम 143 रन बना पाई। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल