1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारत भले ही हार गया लेकिन इतिहास में दर्ज हो गया लीड्स टेस्ट, 1948 के बाद पहली बार हुआ ऐसा कारनामा

भारत भले ही हार गया लेकिन इतिहास में दर्ज हो गया लीड्स टेस्ट, 1948 के बाद पहली बार हुआ ऐसा कारनामा

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 25, 2025 03:55 pm IST,  Updated : Jun 25, 2025 03:55 pm IST

भारत और इंग्लैंड के बीच लीड्स में खेला गया पहला टेस्ट मैच शानदार रहा। दोनों टीमों ने बल्ले से जबरदस्त प्रदर्शन किया लेकिन अंत में बाजी इंग्लैंड के हाथ लगी।

IND vs ENG- India TV Hindi
भारत बनाम इंग्लैंड Image Source : GETTY

IND vs ENG: भारतीय टेस्ट टीम के इंग्लैंड दौरे का आगाज बहुत ही खराब हुआ है। लीड्स के हेडिंग्ले में 5 दिन तक चले मुकाबले में भारतीय टीम को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड ने बेन डकेट की 149 रनों की शानदार पारी के दम पर 371 रनों का लक्ष्य 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारतीय टीम की ओर से 5 शतक लगे। इसके बावजूद टीम इंडिया को हार का मुंह देखना पड़ा। इस तरह भारतीय टीम के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड जुड़ गया।

दरअसल, पहली बार कोई टीम 5 शतक बनाने के बावजूद टेस्ट मैच हार गई। इससे पता चलता है कि लीड्स में भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन कितना निराशाजनक रहा। 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के इस पहले मुकाबले में एक और बेहतरीन रिकॉर्ड देखने को मिला, जो दोनों टीमों से जुड़ा है। 

तीसरी बार हुआ ऐसा कारनामा

आपको जानकर हैरानी होगी कि टेस्ट क्रिकेट के 148 साल के इतिहास में सिर्फ तीसरी बार ऐसा हुआ है जब एक टेस्ट मैच की चारों पारियों में 350 से ज्यादा का स्कोर बना है। इससे पहले साल 1948 में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच ऐसा देखने को मिला था। वहीं, पहली बार साल 1921 में ऐसा हुआ था, जब ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड ने अपनी दोनों पारियों में 350 से ज्यादा रन बनाए थे। 

लीड्स टेस्ट की बात की जाए तो भारतीय टीम पहली पारी में यशस्वी जायसवाल, कप्तान शुभमन गिल और ऋषभ पंत के शतक की मदद से 471 रन स्कोरबोर्ड पर लगाने में सफल रही। इसके बाद इंग्लैंड ने भी पहली पारी में 465 रन स्कोरबोर्ड पर टांग दिए। दूसरी पारी में भारत की ओर से 364 रन बने और फिर इंग्लैंड ने 371 रनों का टारगेट चेज करते हुए इतिहास रच दिया। 

टेस्ट मैच जिसकी सभी 4 पारियों में बना 350+ स्कोर

  • ऑस्ट्रेलिया (354 और 582) बनाम इंग्लैंड (447 और 370), एडिलेड, 1921
  • ऑस्ट्रेलिया (458 और 404/3) बनाम इंग्लैंड (496 और 365/8d), हेडिंग्ले, 1948
  • इंग्लैंड (465 और 373/5) बनाम भारत (471 और 364), हेडिंग्ले, 2025

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल